उदयपुर के 5 स्टार होटल में 10 दिन रुकी फैमिली: ₹5.74 लाख का बिल नहीं भरा; ट्रैवल एजेंसी ने थी बुकिंग
Published:
2 min read

परिवार का कहना है कि जिस ट्रैवल एजेंसी ने बुकिंग की थी, वही उनकी तरफ से बिल का पेमेंट करेगी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. उदयपुर में एक टूरिस्ट पर 5 स्टार होटल का 5.74 लाख रुपए का बिल नहीं चुकाने का आरोप है। दिल्ली का एक परिवार उदयपुर के एक फाइव-स्टार होटल में 10 दिन तक ठहरा था। होटल ने बिल न चुकाने को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैवल एजेंसी ने ईमेल के जरिए बुकिंग की थी
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के रहने वाले अनुराग यादव, पत्नी और दो बच्चों के साथ उदयपुर गए थे। परिवार होटल ओबेरॉय उदयविलास में ठहरा था। एक ट्रैवल एजेंसी ने 12 अगस्त को ईमेल के जरिए यादव के लिए बुकिंग की थी।
इसके बाद यादव और उनका परिवार 14 अगस्त से 23 अगस्त तक होटल में रहा। वहां रहने के दौरान, उन्होंने होटल की कई सेवाओं का लाभ उठाया, जिसमें लंच और डिनर भी शामिल थे। रिपोर्ट में बताई गई शिकायत के अनुसार, होटल में रहने और दूसरी सेवाओं का कुल बिल 5.74 लाख रुपए बना।
अनुराग ने पेमेंट देने से मना किया
यह मामला तब सामने आया जब परिवार 24 अगस्त को होटल से चेक-आउट कर रहा था। शिकायत के अनुसार, परिवार को 10 दिन होटल में रहने और वहां ली गई दूसरी सेवाओं के लिए 5.74 लाख रुपए का बिल दिया गया। हालांकि, यादव ने कथित तौर पर पेमेंट करने से मना कर दिया।
यह खबर भी पढ़ें-
10 महीने में तैयार हुई रश्मिका-विजय की वेडिंग ज्वेलरी: ‘किंग और गॉडेस’ कॉन्सेप्ट पर बना रॉयल लुक; उदयपुर में रॉयल शादी हुई
एजेंसी ने किसी भी अरेंजमेंट से इनकार किया
यादव का कहना था कि जिस ट्रैवल एजेंसी ने बुकिंग की थी, वही उनकी तरफ से बिल का पेमेंट करेगी। हालांकि, ट्रैवल एजेंसी ने कथित तौर पर इस दावे को गलत बताया। होटल के मैनेजर रवींद्र सिंह की शिकायत के अनुसार, जब एजेंसी से संपर्क किया गया तो उन्होंने यादव के लिए ऐसे किसी भी अरेंजमेंट से इनकार किया।

