ट्रम्प के 25% टैरिफ पर भारत का जवाब: पीयूष गोयल बोले- देश हित से समझौता नहीं करेंगे; भारत जल्द दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनेगा
Published:
3 min read

केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुुरुवार को लोकसभा में अमेरिका की ओर से भारत पर टैरिफ लगाने पर जवाब दिया। (फाइल फोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से 25%टैरिफ लगाने पर भारत सरकार ने जवाब दिया है। केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा- भारत अपने हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा। जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनेगा। गोयल ने लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही।
जो हमें फ्रेजाइल कहते थे, अब ब्राइट स्पॉट कहते हैं
डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत की इकोनॉमी को डेड बताया इस पर गोयल ने कहा-भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे नंबर पर पहुंचेगा। जो देश हमें कभी फ्रेजाइल फाइव कहते थे, अब भारत को ब्राइट स्पॉट कह रहे हैं। 10 साल से भी कम वक्त में भारत फ्रेजाइल फाइव से बाहर आ गया। बता दें कि ‘फ्रेजाइल फाइव’ से मतलब पांच नाजुक अर्थव्यवस्थाओं से हैं।
हम बड़ी इकोनॉमीस में 11वें स्थान से 5वें पर आए
गोयल ने कहा- आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी है। ये सबकुछ भारत ने किसानों, MSME, इंडस्ट्रीस और रिफॉर्म्स के दम पर हासिल किया है। हम सबसे बड़ी इकोनॉमीस में 11वें स्थान से 5वें पर आए हैं और कुछ साल में दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनने वाले हैं। आज इंस्टीट्यूशन्स और इकोनॉमिस्ट भारत को ग्लोबल इकोनॉमी के लिए चमकते सितारे की तरह देखते हैं।
अमेरिका के फैसले के सभी पहलुओं पर गौर कर रहे
केंद्रीय उद्योग और वाणिज्य मंत्री ने कहा- दुनिया की कोई भी ताकत भारत को उसके रणनीतिक फैसलों से पीछे नहीं हटा सकती। भारत की ग्रोथ आज वैश्विक संस्थाओं के मुताबिक सबसे तेज है। हमारे प्रति विदेशी निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका की ओर से भारत के प्राेडक्ट्स पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। हम इस फैसले के सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं।
हम देखेंगे, आगे क्या हो सकता है
केंद्रीय मंत्री ने कहा- इंडिया पर टैरिफ लगाने का शेड्यूल 9 अप्रैल को जारी किया गया था। हालांकि, 10 अप्रैल को शुरुआती दौर में इसे 90 दिनों के लिए यानी 1 अगस्त तक बढ़ाया गया था। इसके बाद फिर एक महीने की राहत दी गई। अब एक बार फिर ट्रम्प ने भारत पर यह टैरिफ लागू करने का ऐलान किया है। हम देखेंगे कि आगे इसमें क्या किया जा सकता है।
सरकार बोली- दबाव में समझौता नहीं होगा
वाणिज्य मंत्रालय ने भी बयान जारी कर कहा कि भारत इस टैरिफ के असर की समीक्षा कर रहा है। सभी एक्सपोर्ट सेक्टर्स से फीडबैक लिया जा रहा है। सरकार अमेरिका से ऐसा ट्रेड डील चाहती है तो बैलेंस्ड और दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो।
किसी दबाव में नुकसानदेह समझौता नहीं किया जाएगा। भारत इस मुद्दे को वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (WTO) में भी उठा सकता है। साथ ही, एक संभावित काउंटर-टैरिफ ऑप्शन लागू करने की भी प्लानिंग है। हालांकि सरकार फिलहाल बातचीत के विकल्प खुले रखे हुए है।
ट्रम्प ने किया टैरिफ का ऐलान
ट्रम्प ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट में कहा- हमारा दोस्त इंडिया रूस से कच्चा तेल और हथियार खरीद रहा है। ऐसे में इस पर एक अगस्त से बढ़ी टैरिफ वसूली जाएगी। पेनाल्टी भी वसूला जाएगा। एक ओर हम रूस और यूक्रेन की जंग रुकवाने की काेशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भारत रूस से पेट्रोलियम प्रोडक्ट खरीद रहा है।

