महुआ मोइत्रा ने दिल्ली में रिसेप्शन दिया: सोनिया गांधी-सुप्रिया सुले समेत तमाम विपक्षी नेता हुए शामिल; 2 महीने पहले जर्मनी में पिनाकी मिश्रा से की थी शादी
Published:
3 min read

दिल्ली में महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा का रिसेप्शन हुआ। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका चतुर्वेदी समेत तमाम विपक्षी नेता शामिल हुए
तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा और BJD के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा ने इसी साल 30 मई को जर्मनी में शादी की। दोनों ने 5 अगस्त यानी मंगलवार को शादी के दो महीने बाद दिल्ली में रिसेप्शन दिया। इसमें सोनिया गांधी, दीपेंदर हुड्डा, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी समेत विपक्षी पार्टियों के तमाम नेता शामिल हुए।
महुआ और पिनाकी मिश्रा के रिसेप्शन का आयोजन दिल्ली के होटल ललित में किया गया। इसमें सोनिया गांधी के अलावा तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, रंजीत रंजन, टीएमसी सांसद सयोनी घोष, सागरिका घोष, रचना बनर्जी, एनसीपी की सुप्रिया सुले समेत तमाम नेता शामिल हुए।
लाल साड़ी में दिखीं महुआ मोइत्रा
इनमें से कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिसेप्शन की फोटो शेयर कीं। महुआ मोइत्रा ने रिसेप्शन में गोल्डन बॉर्डर वाली लाल रंग की साड़ी और ट्रेडिशनल गोल्ड ज्वेलरी पहनी थी। उधर, पिनाकी मिश्रा ने लाल कढ़ाई वाली एक सफेद ट्रेडिशनल ड्रेस पहनी थी।
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह भी हुए शामिल
UP से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट लिखा- होटल ललित में TMC सांसद महुआ मोइत्रा और पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा के रिसेप्शन में सम्मलित हुआ। मैं उनके सुखद दाम्पत्य जीवन का कामना करता हूं ।

मोइत्रा और पिनाकी खुश रहें- TMC सांसद सागरिका घोष
टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा के साथ की अपनी फोटो पोस्ट की और महुआ को ब्यूटीफुल ब्राइड बताते हुए उन्हें और पिनाकी मिश्रा को बधाई दी।

उधर, TMC सांसद रचना बनर्जी ने सोशल मीडिया पर रिसेप्शन की फोटो शेयर की और जीवन में खुशहाली की कामना की।
सुंदर यात्रा की कामना करती हूं- NCP सांसद सुप्रिया सुले
NCP सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई देते हुए फोटो पोस्ट की और कहा- खुशी और आनंद से भरी एक सुंदर यात्रा की कामना करती हूं।

दोनों जीवन भर हंसे और खुश रहें- सयोनी घोष
TMC सांसद सयोनी घोष ने भी X पर फोटो पोस्ट कर लिखा- महुआ मोइत्रा और पिनाकी मिश्रा को बधाई दी और दोनों को जीवन भर खुशी, प्यार और हंसी की शुभकामनाएं दीं।

दो बार की सांसद हैं महुआ, पिनाकी बीजेडी के पूर्व सांसद
महुआ मोइत्रा पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से दो बार की सांसद हैं। उधर, पिनाकी मिश्रा सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता है। वे ओडिशा की पुरी सीट से चार बार सांसद रहे हैं। 1996 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने जीत हासिल की थी।

