'मैं देश से माफी मांगता हूं': कल्याण बनर्जी ने महुआ मोइत्रा पर फिर साधा निशाना; जानें क्यों भिड़ गए TMC के दो सांसद
Published:
5 min read

कैश फॉर क्वेरी मामले में महुआ मोइत्रा का बचाव करने पर कल्याण बनर्जी ने मांगी माफी
तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने पार्टी की ही सांसद महुआ मोइत्रा से विवाद के चलते मंगलवार को लोकसभा में व्हिप चीफ के पद से इस्तीफा दे दिया था। टीएमसी ने इसे स्वीकार कर लिया। अब उनकी जगह बारासात की सांसद काकोली घोष को व्हिप चीफ बनाया गया।
बीरभूम से टीएमसी सांसद शताब्दी रॉय को लोकसभा में टीएमसी संसदीय दल का उपनेता नियुक्त किया गया है। इन सबके बीच कल्याण बनर्जी ने एक बार फिर महुआ मोइत्रा पर निशाना साधा। उन्होंने 2023 में कैश फॉर क्वेरी विवाद के समय महुआ मोइत्रा का समर्थन करने के लिए देश से माफी मांगी है।
महुआ का सपोर्ट करने केे लिए देश से माफी मांगता हूं- बनर्जी
कल्याण बनर्जी ने संसद का एक वीडियो शेयर किया। इसमें वे कैश फॉर क्वेरी मामले में महुआ का बचाव करते दिख रहे हैं। बनर्जी ने कहा, 'मैंने ऐसा दृढ़ विश्वास से किया था, मजबूरी में नहीं। आज इसके बदले में वे मुझे महिला विरोधी बता रही हैं। मैंने ऐसे व्यक्ति का बचाव किया जो कृतज्ञता तक नहीं जानता, इसके लिए मुझे देश से माफी मांगनी चाहिए। अब जनता को तय करना है।'
कल्याण बनर्जी ने दिया व्हिप चीफ पद से इस्तीफा
दरअसल, ममता बनर्जी ने सोमवार को टीएमसी सांसदों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को संसदीय दल का नेता नियुक्त किया था। वे सुदीप बंदोपाध्याय की जगह लेंगे। सुदीप बीमार चल रहे हैं।
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने कहा था, दो तीन सांसद पार्टी को बदनाम कर रहे हैं और कोई भी व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं है। ममता का ये बयान ऐसे वक्त पर आया, जब महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है। कुछ महीने पहले ही दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर दोनों में झड़प भी हुई थी।

आलोचना करने वालों को इनाम दिया जा रहा- कल्याण बनर्जी
बैठक के तुरंत बाद कल्याण बनर्जी ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा, दीदी (ममता बनर्जी) ने कहा, लोकसभा में उचित समन्वय नहीं हो रहा है। अगर मैं इसके लिए जिम्मेदार हूं, तो मैं इस्तीफा देता हूं।
बनर्जी ने कहा, दीदी कहती हैं कि लोकसभा सांसद लड़-झगड़ रहे हैं. क्या मुझे गाली देने वालों पर मैं शांत रहूं? मैंने पार्टी को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन मेरा अपमान करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, वे मुझे ही दोषी ठहरा रहे हैं। ममता बनर्जी को पार्टी को अपने हिसाब से चलाने दीजिए।
मैं महंगी साड़ी नहीं पहनता- कल्याण बनर्जी
महुआ पर निशाना साधते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा, क्या ममता बनर्जी जानती हैं कि संसद में काम कैसे चल रहा है? मुझे जो काम सौंपा गया था, मैंने वो किया, लेकिन मैं ऑक्सफोर्ड या कैम्ब्रिज की कोई स्कॉलर नहीं हूं और न ही महंगी साड़ियाँ पहनता हूं। ममता बनर्जी की आलोचना करने वालों को इनाम दिया जा रहा है।
कल्याण बनर्जी और महुआ मोइत्रा में क्यों हुआ विवाद
कोलकाता के एक कॉलेज में पिछले महीने एक रेप की घटना सामने आई थी। इसके बाद कल्याण बनर्जी ने कहा, अगर दोस्त ही दोस्त का रेप करता है तो क्या हर स्कूल में पुलिस बैठाई जाए। कल्याण बनर्जी के इस बयान की महुआ मोइत्रा ने आलोचना की थी। उन्होंने कहा था, भारत में महिला विरोधी हर पार्टी में हैं। लेकिन टीएमसी की खासियत है कि हम ऐसे बयानों की निंदा करते हैं।

बनर्जी ने महुआ को घर तोड़ने वाली कहा
महुआ मोइत्रा द्वारा महिला विरोधी कहे जाने पर कल्याण बनर्जी ने बीजेपी के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से उनकी शादी को लेकर पलटवार किया। बनर्जी ने कहा था- वे (महुआ) मुझे महिला विरोधी कह रही हैं। वे क्या हैं। उन्होंने 40 साल पुराने परिवार को तोड़ा और 65 साल के इंसान से शादी की।
उन्होंने कहा, वह डेढ़ महीने विदेश में हनीमून मनाकर भारत लौटी हैं और अब भड़काने लगी हैं। मैं महिला विरोधी नहीं हूं। मैं महिलाओं के पक्ष में खूब बातें करता हूं। महुआ मोइत्रा ही महिला-विरोधी हैं, वे अपने संसदीय क्षेत्र कृष्णानगर में किसी और महिला को आगे बढ़ने ही नहीं देतीं। महिलाओं से नफरत करने वाली एक ही महिला है और वह हैं महुआ मोइत्रा।

महुआ ने पॉडकास्ट में कल्याण बनर्जी पर साधा निशाना
महुआ मोइत्रा ने एक पॉडकास्ट में कल्याण बनर्जी पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था, आप एक सु्अर से नहीं लड़ सकते। क्योंकि सुअर चाहता है कि आप भी गंदे हों। महुआ ने आगे कहा, भारत में बहुत से महिला विरोधी, यौन रूप से कुंठित और भ्रष्ट पुरुष हैं और संसद में सभी दलों में इनका प्रतिनिधित्व है।
कल्याण बनर्जी बोले- ये सरासर गाली
महुआ मोइत्रा के बयान पर कल्याण बनर्जी ने जवाब दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, किसी पुरुष सहकर्मी को यौन रूप से कुंठित कहना कोई साहस नहीं है। यह सरासर गाली है। अगर ऐसी भाषा किसी महिला के लिए इस्तेमाल की जाती, तो पूरे देश में आक्रोश फैल जाता, और यह सही भी है। लेकिन जब किसी पुरुष पर निशाना साधा जाता है तो उसे या तो नजरअंदाज कर दिया जाता है या फिर उसकी तारीफ की जाती है। एक बात साफ है: गाली तो गाली ही होती है - चाहे उसका लिंग कुछ भी हो।

