TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर अटैक: लोगों ने अंडे और ईंट फेंके, दोनों शीशे टूटे; BJP पर आरोप लगाया
Published:
3 min read

तस्वीर कुणाल घोष द्वारा शेयर किए गए वीडियो से ली गई है।
नेशनल डेस्क। पश्चिम बंगाल में TMC विधायक और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ है। उनकी कार पर अंडे और ईंट फेंके गए हैं। इस घटना में उनकी कार के दोनों शीशे टूट जाने के दावे हैं।
घटना हुगली जिले के उत्तरपाड़ा की है। कुणाल घोष मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सेरमपुर में होने वाली रैली में शामिल होने जा रहे थे।
घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें कुछ लोग कुणाल घोष की कार को घेरे दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग कार पर हाथ मारते और नारे लगाते भी नजर आ रहे हैं।
कुणाल बोले- लाठी-रॉड लेकर खड़े थे लोग
कुणाल घोष ने मीडिया को बताया कि जब वे रैली के लिए जा रहे थे, तब कुछ लोग लाठी और रॉड लेकर सड़क पर खड़े थे। उनके हाथों में काले पोस्टर थे और वे नारे लगा रहे थे। इसके बाद एक दूसरी भीड़ ने उनका रास्ता रोक दिया।
उन्होंने कहा कि भीड़ ने उनकी कार पर अंडे और ईंट फेंके। इससे दो विंडशील्ड टूट गए और कांच के टुकड़े कार के अंदर गिर गए। कुणाल के मुताबिक, वे आगे नहीं जा सके और उन्हें वापस कोलकाता लौटना पड़ा।
कुणाल ने साफ-साफ कहा कि यह काम BJP का है और इसलिए वे अब सीधे कोलकाता में पुलिस हेडक्वार्टर जाएंगे और पुलिस के बड़े अधिकारियों को घटना की जानकारी देंगे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के वक्त वहां एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके ड्राइवर को चोट नहीं लगी, वरना वे लोग वहां फंस सकते थे।

BJP बोली- TMC के अंदर का विवाद हो सकता है
BJP प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कुणाल घोष के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि TMC सांसद कल्याण बनर्जी के समर्थक लगातार यह कह रहे थे कि कुणाल घोष को अपने इलाके में नहीं आने देंगे।
BJP नेता ने दावा किया कि हो सकता है कि इसी वजह से कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ हो। उन्होंने कहा कि कुणाल घोष इसे सार्वजनिक तौर पर नहीं कह सकते, इसलिए BJP पर आरोप लगा रहे हैं।
हालांकि, BJP प्रवक्ता ने साथ ही कहा कि किसी विधायक की कार को नुकसान पहुंचाना गलत है और राज्य सरकार को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें...

