ISI से लिंक मामले में TMC नेता का भाई गिरफ्तार: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप
Published:
3 min read

सिम्बॉलिक इमेज
नेशनल डेस्क. पश्चिम बंगाल STF ने TMC के एक नेता के भाई फजले रब्बी को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। रब्बी TMC के इस्लामपुर ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष जाकिर हुसैन का भाई है। उसे गुरुवार रात उत्तर दिनाजपुर से गिरफ्तार किया गया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, STF सूत्रों ने बताया कि जासूसी के आरोपों में पहले गिरफ्तार किए गए तीन लोगों से पूछताछ के दौरान रब्बी का नाम सामने आया था।
पत्नी ने कहा- रब्बी को फंसाया जा रहा
रब्बी की पत्नी नूर नेहर बेगम ने दावा किया कि उन्हें फंसाया गया है। नूर नेहर बेगम ने कहा- उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वे TMC के एक वरिष्ठ नेता के भाई हैं। यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और कुछ नहीं।
ये भी पढ़ें: 80 FIR, 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां: ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क का खात्मा; अमित शाह बोले- आतंकियों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस जारी रहेगी
बंगाल में पिछले कुछ हफ्तों में ISI से कनेक्शन के मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। STF ने बुधवार को दिल्ली के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रदीप बसु को पाकिस्तानी जासूस होने के शक में गिरफ्तार किया था। सिलीगुड़ी के रहने वाले प्रदीप पर हवाला लेनदेन, नकली नोटों की तस्करी और बांग्लादेश के रास्ते पाकिस्तान को भारतीय सिम कार्ड भेजने के आरोप हैं। दिन्हाटा की कोर्ट ने प्रदीप को 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले भी 3 गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले उत्तर दिनाजपुर के मोहम्मद शफीकुल इस्लाम और कूच बिहार के नूर नासिरुद्दीन अली और राशिदुल हक को आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के नाम का इस्तेमाल करने और जासूसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। STF ने दावा किया कि मोहम्मद शफीकुल इस्लाम की जानकारी के आधार पर रब्बी को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें: पाक जासूस ज्योति पर बड़ा खुलासा: गिरफ्तारी से पहले केरल गई थी ज्योति, राज्य सरकार के फंड पर टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए बनाए थे वीडियो
इससे पहले 31 जुलाई को हमीम मंडल को वर्धमान के रेनेसां टाउनशिप से गिरफ्तार किया गया। एक दिन बाद 1 अगस्त को उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को झारखंड से गिरफ्तार किया गया। 12 अगस्त को पाकिस्तानी नागरिक राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम को उत्तरी 24 परगना से गिरफ्तार किया गया। STF सूत्रों ने बताया कि रब्बी राणा रऊफ के संपर्क में था।

