TMC के 20 बागी सांसदों को नोटिस: स्पीकर ने 7 दिन में जवाब मांगा; अभिषेक बनर्जी ने की है अयोग्य ठहराने की मांग
Published:
2 min read

TMC के बागी सांसदों ने 14 जून को स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर NCPI में शामिल होने का पत्र दिया था।
नेशनल डेस्क. लोकसभा सचिवालय ने TMC के 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी कर उन्हें अयोग्य करार दिए जाने की मांग वाली याचिका पर 7 दिन में जवाब मांगा है। TMC के ये बागी सांसद पिछले दिनों त्रिपुरा की NCPI पार्टी में शामिल हो गए थे और NDA को समर्थन देने का ऐलान किया था।
सचिवालय द्वारा बुधवार को जारी नोटिस के मुताबिक, यह याचिका TMC के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी द्वारा दायर की गई थी।
यह लेटर 25 अगस्त (मंगलवार) का है। सचिवालय द्वारा ये नोटिस ऐसे समय जारी किया गया, जब CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची, जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मंगलवार को बनर्जी की इस मामले में याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई और बागियों से जवाब मांगा।
18 जून को अभिषेक बनर्जी ने लगाई थी याचिका
नोटिस में अभिषेक बनर्जी की 18 जून की याचिका भी अटैच की गई है। इसमें 20 सांसदों को दल बदल कानून के तहत अयोग्य करार घोषित करने की मांग की गई है। सचिवालय द्वारा नोटिस में बागी सांसदों को याचिका पर 7 दिन के अंदर जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है।
अभिषेक ने लोकसभा स्पीकर से भी की थी मुलाकात
TMC सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने बागी सांसदों के खिलाफ अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। उन्होंने 27 जुलाई को इस मामले पर रिमाइंडर भी भेजा था। इसके बाद उन्होंने 12 अगस्त को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात भी की थी।


