ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में चर्चा-1429: जेपी नड्डा बोले- वे हमें गोलियों से भूनते रहे, हम उन्हें बिरयानी खिलाने चले
Published:
2 min read

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस को घेरा
ऑपरेशन सिंदूर पर बुधवार को राज्यसभा में चर्चा हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, वे हमें गोलियों से भुनते रहे, हम उन्हें बिरयानी खिलाने चले।
जे पी नड्डा ने यूपीए सरकार में हुए आतंकी हमलों के बाद कोई ठोस कदम ना उठाने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि यूपीए सरकार ने बार-बार हुए आतंकवादी हमले के बाद भी पाकिस्तान के साथ संबंध बनाए रखे। जो लोग हमसे पूछ रहे हैं कि पहलगाम में क्या हुआ? पहले अपनी गिरेबान में झांक कर देखें।
'हमले होते रहे, यूपीए सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया'
नड्डा ने कहा- 2005 के दिल्ली बम ब्लास्ट, 2006 के वाराणसी और मुंबई ट्रेन धमाकों के बाद यूपीए सरकार ने कुछ नहीं किया। पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पाकिस्तान के साथ ना व्यापार बंद हुआ, ना ही पर्यटन बंद किया गया था। इन्होंने (यूपीए सरकार) LoC को पार करने के लिए ट्रिपल एंट्री परमिशन दी।
उन्होंने कहा, 2014 से पहले भी यही सेना थी। लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी। हमारी सरकार ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया। राजनीतिक इच्छाशक्ति देखिए, आजादी के बाद देश को पहला ऐसा प्रधानमंत्री मिला, जिसने कहा कि किसी भी आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा।

