‘स्ट्रीट डॉग केस ने मुझे दुनिया में मशहूर कर दिया’: सुप्रीम कोर्ट के जज ने कहा- कुत्तों ने भी मुझे आशीर्वाद दिया, आवारा कुत्तों का आभारी हूं
Published:
2 min read

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस विक्रम नाथ। (फाइल)
स्ट्रीट डॉग केस पर सुनवाई करने वाले सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस विक्रम नाथ ने कहा है कि इस केस से मुझे दुनिया में पहचान मिली है। उन्होंने इस केस की सुनवाई का माैका देने के लिए चीफ जस्टिस (CJI) बी.आर. गवई को धन्यवाद दिया। जस्टिस विक्रम नाथ ने कहा - इस केस से मैं दुनिया के सिविल सोसाइटी में मशहूर हो गया हूं। मुझे हर जगह से मैसेज मिल रहे हैं। न सिर्फ डॉग लवर, बल्कि कुत्ते भी मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को हटाने के SC के आदेश और बाद में उस आदेश में किया गया बदलाव देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी चर्चा का विषय बना। इस केस पर लोगों की अलग-अलग राय थी। कुछ लोगों ने आदेश का समर्थन किया तो कई विरोध में भी सामने आए।
‘मैं आवारा कुत्तों का आभारी हूं’
केरल के तिरुवनंतपुरम में हुए रीजनल कॉन्फ्रेंस ऑन ह्यूमन-वाइल्डलाइफ कॉन्फ्लिक्ट में जस्टिस नाथ ने कहा- कि अब तक मैं सिर्फ कानूनी बिरादरी में अपने छोटे-से काम के लिए जाना जाता था, लेकिन मैं आवारा कुत्तों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे इस देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के सिविल सोसाइटी में पहचान दिलाई।
'अब विदेशों में भी लोग मुझे जानते हैं'
उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा-मैं चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने यह केस मुझे सौंपा। हाल ही में हम लॉ एशिया पोलाऑ समिट में थे। वकीलों की एसोसिएशन के अध्यक्ष वहां मौजूद थे। उन्होंने मुझसे स्ट्रीट डॉग केस पर सवाल पूछने शुरू किए। मुझे बहुत अच्छा लगा कि विदेशों में भी लोग मुझे जानते हैं। इंसानों के साथ अब मुझे कुत्तों के आशीर्वाद भी मिल रहे हैं।
आदेश में किया था बदलाव
जस्टिस विक्रम नाथ उस तीन-जस्टिस वाली बेंच का हिस्सा थे, जिसे यह केस सौंपा गया था। इससे पहले दूसरी बेंच ने 11 अगस्त को आदेश दिया था कि दिल्ली-एनसीआर के सभी आवारा कुत्तों को आठ हफ्तों के भीतर शेल्टर होम्स में भेजा जाए। स्ट्रे डॉग्स को वापस सड़क पर नहीं छोड़ने के भी निर्देश दिए थे।
हालांकि, 22 अगस्त को भारी विरोध के बाद जस्टिस नाथ की बेंच ने आदेश में बदलाव किया और कहा कि सभी आवारा कुत्तों का टीकाकरण होगा। नसबंदी के बाद सभी कुत्तों को वहीं वापस छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

