NIA का बड़ा एक्शन: आतंकी साजिश के मामले में UP-पंजाब और हरियाणा में 18 ठिकानों पर रेड
Published:
2 min read

NIA का बड़ा एक्शन
नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आतंकी साजिश के मामले में पंजाब, हरियाणा और यूपी में 18 जगहों पर रेड डाली है। बताया जा रहा है कि NIA का ये एक्शन खालिस्तानी समर्थकों और आतंकी साजिश से जुड़े मामलों में है।
NIA ने जिन 18 जगहों पर रेड डाली है, उनमें पंजाब के 9, हरियाणा के 7 और यूपी के 2 ठिकाने शामिल हैं। नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी ने तीनों राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर ये कार्रवाई की है।
इससे पहले भी एनआईए ने पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए कार्रवाई की थी, ये ग्रुप भारत और विदेशों में खालिस्तानी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। एंटी टेरर एजेंसी एनआईए उस पूरे नेक्सस के खिलाफ जांच कर रही है, जो पंजाब में दोबारा आतंकवाद को खड़ा करने, टारगेट किलिंग, स्मगलिंग और एक्सटोर्शन में शामिल है।
इससे पहले 22 जून को एनआईए ने पंजाब आतंकी साजिश केस में जतिंदर सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। सिंह बब्बर खालसा इंटरनेशनल के प्रमुख लखबीर लांडा और गैंगस्टर पवित्तर बटाला का करीबी था। जतिंदर सिंह को एनआईए ने 23 दिसंबर 2024 में मुंबई से गिरफ्तार किया था। वह पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला है।
NIA को जांच में पता चला था कि जितेंदर मध्य प्रदेश से हथियारों की सप्लाई पंजाब के गैंगस्टर को कर रहा था। जितेंदर एमपी में बलजीत सिंह से हथियार खरीदता था। बलजीत को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। एनआईए इस मामले में लांडा की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। लांडा को भारत सरकार भी आतंकी घोषित कर चुकी है।

