तेजस Mk1A की डिलीवरी में देरी: HAL बोला- सॉफ्टवेयर की दिक्कत जल्द सुलझाएंगे; टाइमलाइन बताने से इनकार
Published:
3 min read

2021 में भारतीय वायुसेना ने HAL को 83 तेजस Mk1A फाइटर जेट का ऑर्डर दिया था। 5 साल गुजर जाने के बाद भी अब तक यह डिलीवरी शुरू नहीं हुई है।
नेशनल डेस्क। भारतीय वायुसेना के लिए बनाए जा रहे स्वदेशी फाइटर जेट 'LCA तेजस Mk1A' की डिलीवरी फिलहाल सॉफ्टवेयर से जुड़ी दिक्कतों के कारण अटकी हुई है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) रवि कुमार ने कहा है कि कंपनी इन समस्याओं को जल्द दूर करने पर काम कर रही है। हालांकि, उन्होंने डिलीवरी शुरू होने की कोई तय तारीख बताने से इनकार किया।
ANI से बातचीत में रवि कुमार ने कहा कि विमान की डिलीवरी तभी की जा सकती है, जब वह पूरी तरह तैयार हो। उन्होंने कहा- हम अभी वहां तक नहीं पहुंचे हैं। हम इस पर बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। जल्द ही समस्याएं दूर करेंगे और डिलीवरी शुरू करेंगे।
सॉफ्टवेयर में हो रहे कई बदलाव
HAL CMD ने बताया कि टेस्टिंग के दौरान कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं। तेजस Mk1A में कई सॉफ्टवेयर इस्तेमाल होते हैं और उसमें जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। इसी वजह से कंपनी अभी डिलीवरी की टाइमलाइन बताने की स्थिति में नहीं है।
रवि कुमार ने कहा कि वे इस मामले में कोई पक्की तारीख नहीं देना चाहते, क्योंकि टेस्टिंग के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को ठीक करने में समय लग सकता है।
70 HTT-40 ट्रेनर विमान भी देगा HAL
HAL ने भारतीय वायुसेना के लिए 70 HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान बनाने का कॉन्ट्रैक्ट लिया है। कंपनी के मुताबिक, अगले 4 से 5 साल में सभी 70 विमान की डिलीवरी पूरी करने का टारगेट है।
HTT-40 का इस्तेमाल वायुसेना के नए पायलटों की शुरुआती ट्रेनिंग के लिए किया जाएगा। यह विमान HAL ने देश में ही तैयार किया है। इसकी मैक्सिमम स्पीड करीब 300 नॉट्स है और यह एयरोबेटिक्स, इंस्ट्रूमेंट फ्लाइंग, नेविगेशन और नाइट फ्लाइंग जैसी ट्रेनिंग के लिए बनाया गया है।
HAL ने इसकी मैन्युफैक्चरिंग के काम को अपनी अलग-अलग यूनिट्स में बांटा है। साथ ही कुछ काम प्राइवेट कंपनियों को भी दिया जा रहा है, ताकि सप्लाई में किसी तरह की रुकावट न आए।
CATS Warrior ड्रोन का प्रोटोटाइप बनना शुरू
HAL अब भविष्य की एयर वॉरफेयर तकनीक पर भी काम कर रहा है। कंपनी ने CATS Warrior नाम के ऑटोनॉमस कॉम्बैट ड्रोन का प्रोटोटाइप बनाना शुरू कर दिया है।
रवि कुमार ने बताया कि अगले साल इसके सर्टिफिकेशन का प्लान है। CATS Warrior को एक तरह के ‘लॉयल विंगमैन’ के तौर पर डेवलप किया जा रहा है, जो लड़ाकू विमान के साथ मिलकर काम कर सकेगा।
यह भी पढ़ें...

