तेज प्रताप के सपने में आए पीएम मोदी: बीजेपी में शामिल होने का न्योता दिया; लालू के बड़े बेटे ने दिया ये जवाब
Published:
2 min read

तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि सपने में PM मोदी आए और बीजेपी में शामिल होने के लिए कहा।
बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों चर्चाओं में हैं। राजद से निष्कासित किए जाने के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि वे नई पार्टी बना सकते हैं। इन सबके बीच तेज प्रताप ने बताया कि उनके सपने में पीएम मोदी आए थे और उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का ऑफर दिया था।
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर ये दावा किया। उन्होंने लिखा, सत्ता के लिए सपने बेचने वाले बहुत हैं, हम वो हैं जो सपने में भी विचार नहीं बेचते। उन्होंने एक फोटो भी शेयर की। इसमें वे सोते नजर आ रहे हैं और पीएम मोदी उन्हें सपने में बीजेपी का ऑफर देते हैं। इस पर तेज प्रताप जवाब देते हैं, मेरे पास अपनी पार्टी है, आप ही हमारी पार्टी में जुड़ जाइए।
राजद से निकाले गए तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप ने 2015 में सियासत में एंट्री की थी। वे चुनाव जीते और पहली बार में ही कैबिनेट मंत्री भी बने। 2018 में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की। हालांकि, सिर्फ 5 महीने बाद ही तलाक की अर्जी लगा दी।
मई में तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ फोटो शेयर की थी। इस महिला का नाम अनुष्का यादव है। तेज ने माना था कि वो अनुष्का के साथ रिलेशन मे हैं। कुछ समय बाद तेज ने पोस्ट डिलीट कर दिया। बाद में सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। इस घटना के चलते लालू प्रसाद यादव और परिवार तेज से नाराज हो गया। लालू ने तेज प्रताप परिवार और पार्टी से बेदखल कर दिया।
बाद में तेज ने RJD से निकाले जाने पर बयान दिया। कहा- हम दोनों भाइयों (तेज प्रताप और उनके छोटे भाई तेजस्वी) के बीच दरार डालने की साजिश की गई है। राजद से निष्कासित किए जाने के बाद से चर्चा है कि तेज प्रताप नई पार्टी बना सकते हैं।

