पश्चिम बंगाल के बीरभूम में आग से 7 की मौत: तारापीठ के होटल में शॉर्ट सर्किट; सीढ़ियों की मदद से 22 को बचाया
Published:
2 min read

होटल में आग बुझाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। बाहर से न तो धुआं और न ही आग की लपटें दिखाई दे रही थीं।
नेशनल डेस्क. पश्चिम बंगाल के बीरभूम के तारापीठ में एक होटल में आग से 7 लोगों की मौत हो गई। कई लोग इस घटना में झुलस गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। पुलिस मौके पर मौजूद है।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण 7 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
होटल में आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे
बीरभूम के SP विदित राज भुंडेश ने कहा- बाहर से न तो धुआं और न ही आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीढ़ियों की मदद से 22 लोगों को बचाया गया और 11 अन्य को अस्पताल भेजा गया। भुंडेश ने कहा- FSL की टीम मामले की जांच करेगी। FIR दर्ज होने के बाद होटल संचालको को हिरासत में लिया गया है। हम उनसे पूछताछ कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई और जांच कर रहे हैं।
आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे-BJP MLA
वहीं BJP MLA ध्रुबा साहा ने कहा- ये सिस्टम पहले से ही खस्ताहाल था। तारापीठ रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी (TRDA) में बड़े बदलाव की जरूरत है। उन्होंने इतनी बड़ी इमारत तो बना दी, लेकिन आग पर काबू पाने का कोई इंतजाम नहीं किया।

