तमिलनाडु पुलिस की क्रूरता की दास्तां : शरीर पर 44 जगह चोट के निशान, ब्रेन इंजरी... हिरासत में मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Published:
2 min read

अजीत कुमार की तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में मौत हो गई थी
तमिलनाडु पुलिस हिरासत में अजीत कुमार की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के बाहरी हिस्सों पर 44 जगह चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा ब्रेन में इंजरी मिली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अजीत कुमार की मौत की वजह अंदरुनी चोट बताई गई है। अजीत के सिर, घुटने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। मृतक के ब्रेन में 3 सेमी गहरा कट का निशाना मिला है। इससे बहुत अधिक खून बहने के भी संकेत मिले हैं।
पुलिस हिरासत में हुई थी अजीत की मौत
मृतक अजीत शिवगंगा में एक मंदिर में गार्ड का काम करता था। तमिलनाडु पुलिस ने अजीत को मंडापुरम कालियामन मंदिर में आभूषण चोरी करने के मामले में हिरासत में लिया था। अजीत की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। परिवार का दावा है कि अजीत की मौत पुलिस की मारपीट से हुई। हालांकि, पुलिस ने दावा किया था कि अजीत की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से हुई है। इस मामले में 5 पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले ने डीएमके की सत्ता वाले तमिलनाडु में सियासी विवाद पैदा कर दिया है। टीवीके चीफ एक्टर विजय गुरुवार को अजीत के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे और 2 लाख की आर्थिक मदद दी थी। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु की स्टालिन सरकार को भी घेरा था।
उधर, बीजेपी तमिलनाडु अध्यक्ष एन नागेंद्रन ने कहा कि वे शनिवार को अजीत कुमार के परिजनों से मुलाकात करेंगे और संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।इससे पहले एमके स्टालिन ने 1 जुलाई को कहा था कि वे हिरासत में मौत के मामले की जांच सीबीआई को ट्रांसफर करेंगे और इस जांच में राज्य सरकार पूरी मदद करेगी।

