तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में मौत का मामला: एक्टर विजय ने पीड़ित परिवार को 2 लाख की आर्थिक मदद दी, मारपीट का वीडियो बनाने वाले शख्स को मिली धमकी
Published:
2 min read

तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में शख्स की मौत
तमिलनाडु में पुलिस हिरासत में हुई 27 साल के अजीत कुमार की मौत पर सियासत तेज हो गई। TVK चीफ विजय ने शिवगंगा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया। उधर, अजीत के साथ मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स को जान से मारने की धमकी मिली है।
मामला शिवगंगा के तिरुप्पुवनम का है। यहां अजीत कुमार मंदिर में चौकीदार था। पुलिस ने उसे ज्वेलरी चुराने के आरोप में हिरासत में लिया था। एक दिन बाद अजीत कुमार की मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि मिर्गी का दौरा आने से अजीत कुमार की मौत हुई। जबकि अजीत के घरवालों ने पुलिस मारपीट में अजीत कुमार की मौत का दावा किया है। इस मामले में 5 पुलिसकर्मी भी गिरफ्तार हुए हैं।
एक्टर विजय कुमार ने दो लाख की आर्थिक मदद दी
TVK चीफ विजय ने तिरुप्पुवनम में अजीत कुमार के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार की 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की। इससे पहले TVK चीफ ने घटना को लेकर तमिलनाडु सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था CM एमके स्टालिन के नेतृत्व में पुलिस अमानवीय तरीके से काम कर रही है।
मारपीट का वीडियो बनाने वाले शख्स को मिली धमकी
शक्तिस्वरण नाम का शख्स मंदिर में वर्कर है। उसने 28 जून को अजीत कुमार के साथ पुलिस हिरासत में हुए मारपीट का वीडियो बनाया था। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत के दौरान गवाह के रुप में फुटेज सौंपा था। उसने शिकायत पत्र में एस राजा नाम के अधिकारी को भी आरोपी बनाया है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 2 जुलाई को शक्तिस्वरण ने एक और शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उसने अपने जान की खतरा होने का जिक्र किया है। उन्होंने डीजीपी से हथियारबंद सुरक्षा देने की अपील की है।
तमिलनाडु सरकार ने भी दी आर्थिक मदद
पुलिस हिरासत में हुए शख्स की मौत को लेकर तमिलनाडु सरकार ने पीड़ितों को 5 लाख आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है। साथ ही मृतक के भाई को टेक्नीशियन की नौकरी और उसके गांव में जमीन दी जाएंगी। कॉपरेशन मिनिस्टर आई पेरीयंकारुप्पन ने नियुक्ति पत्र सौंपा। सीएम स्टेलिन ने पीड़ित परिवार को फोन कर संवेदनाएं व्यक्त की।

