त्रिशा-उदयनिधि कंट्रोवर्सी के बाद सीएम विजय का ऐलान: विधानसभा में बोले- महिलाओं के खिलाफ गंदी भाषा बर्दाश्त नहीं, पुलिस फौरन एक्शन लेगी
Published:
3 min read

CM विजय ने नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा उन्हीं की ओर था। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। तमिलनाडु सीएम विजय ने महिलाओं को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर सख्त रुख अपनाने का ऐलान किया है। सोमवार (7 सितंबर) को विधानसभा में बोलते हुए विजय ने कहा कि राजनीति में तीखी आलोचना हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ गाली-गलौज, बदनाम करने वाली बातें और डबल मीनिंग कमेंट बिल्कुल नहीं चलेंगे।
विजय का यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब तमिलनाडु में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन की एक कमेंट को लेकर विवाद चल रहा है। अगस्त में कावेरी नदी के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन के दौरान उदयनिधि के एक बयान को एक्ट्रेस त्रिशा कृष्णन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी माना गया था।
‘राजनीति के नाम पर इतनी गंदी भाषा मत बोलिए’
विधानसभा में विजय ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि राजनीति में लोगों को व्यक्तिगत तौर पर नीचा दिखाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में इन दिनों जैसे गाली-गलौज और नफरत की एक धारा लगातार चल रही है। महिलाओं के बारे में गंदी बातें करना, बदनाम करने वाली बातें बोलना और डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल करना गलत है।
विजय ने कहा कि उनकी राजनीतिक सफलता में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। इसलिए महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दे उनके लिए बेहद अहम हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ कानून अपना काम करेगा।

क्या है उदयनिधि-त्रिशा विवाद?
यह विवाद तीन अगस्त को तंजावुर में कावेरी के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ। उदयनिधि स्टालिन जब लोगों को संबोधित कर रहे थे, तभी समर्थकों की भीड़ बार-बार एक्ट्रेस त्रिशा का नाम ले रही थी। इसके बाद उदयनिधि कुछ पल के लिए रुके और मुस्कुराते हुए एक टिप्पणी की। इस टिप्पणी को सोशल मीडिया पर त्रिशा को लेकर डबल मीनिंग और आपत्तिजनक इशारा माना गया।
मामला बढ़ने के बाद उदयनिधि को गिरफ्तार किया गया और कुछ देर बाद उन्हें जमानत मिली। हालांकि उदयनिधि ने किसी महिला या त्रिशा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप को खारिज किया। उनका कहना था कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया।
त्रिशा और विजय की दोस्ती की वजह से भी इस विवाद ने ज्यादा तूल पकड़ा। हालांकि विजय ने विधानसभा में उदयनिधि का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध पर विजय सख्त
विजय ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसे अपराधों को पहले ही रोकना भी है।
यह भी पढ़ें...
जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज से सुप्रीम कोर्ट जज नाराज, बोले- पुलिस का काम प्रोटेस्टर्स को पीटना नहीं

