कार, सेक्रेटरी और 75000 का भत्ता: तमिलनाडु CM विजय का विधायकों को बड़ा तोहफा; महिलाओं को तीसरे बच्चे पर 365 दिन की मैटरनिटी लीव
Published:
3 min read

CM विजय ने बुधवार को कई बड़े ऐलान किए
नेशनल डेस्क. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सभी विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य के सभी विधायकों को सरकारी कार, सेक्रेटरी और फ्यूल अलाउंस मिलेगा। CM विजय ने राज्य की महिला कर्मचारियों के लिए भी बड़ा ऐलान किया। अब तीसरे बच्चे पर भी महिला कर्मचारियों को 365 दिन की मैटरनिटी लीव मिलेगी।
विधायकों को कार और 75000 रु का भत्ता
CM विजय ने कहा कि विधायकों को सरकारी कार मिलेगी, ताकि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े कामों में मदद कर सकें। विजय ने कहा- विधायकों को लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करना पड़ता है। सरकारी वाहन से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन होगा।
विजय ने कहा- इस बार की विधानसभा में कई ऐसे विधायक हैं, जो पहली बार जीते हैं और बहुत ही साधारण परिवार से आते हैं। उन्हें लोगों के प्रति अपने कर्तव्य को पूरा करने के लिए कार की जरूरत है। दरअसल, VCK विधायक ज्योतिमणि ने विधानसभा में मांग की थी कि बिना लॉजिस्टिक सपोर्ट के विधायक अपने काम अच्छे से नहीं कर सकते। साथ ही उन्होंने सरकारी कार की भी मांग की थी।
ये भी पढ़ें: CM विजय की पत्नी संगीता ने डिवोर्स की अर्जी वापस ली: एक्ट्रेस से अफेयर का लगाया था आरोप; 15 मिनट सवाल-जवाब के बाद केस बंद
विजय सरकार ने विधायकों के लिए ड्राइवर, फ्यूल और कारों के रखरखाव पर होने वाले खर्च के लिए 75,000 रु प्रति महीने के भत्ते का भी ऐलान किया। इसके अलावा विधायकों को अब सरकारी कामकाज के लिए सेक्रेटरी नियुक्त करने के लिए 25,000 रु मिलेंगे।

महिलाओं को 365 दिन की मैटरनिटी लीव
CM विजय ने कहा कि अब राज्य महिला कर्मचारियों को तीसरे बच्चे के लिए 365 दिनों की मैटरनिटी लीव मिलेगी। राज्य में अभी तक पहले दो बच्चों पर 365 दिन की मैटरनिटी लीव मिलती थी।
CM विजय ने किए ये बड़े ऐलान
इसके अलावा विजय ने दूध की खरीद कीमत 38 रुपए से बढ़ाकर 41 रुपए प्रति लीटर करने का ऐलान किया है। सरकार के मुताबिक, इससे सरकारी खजाने पर हर महीने 30 करोड़ रुपए और सालाना 360 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा।
ये भी पढ़ें: CM बनने के बाद सूट क्यों पहनते हैं विजय: बोले- मैं चीजों को ब्लैक एंड व्हाइट की नजर से ही देखता; मेरे लिए सच या झूठ, बीच में कुछ नहीं
मेडिकल में 6098 सीटें बढ़ाई जाएंगी
स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों को बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स तैयार करने के लिए कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इनमें B.Sc नर्सिंग की 660 सीटें, नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 अतिरिक्त सीटें, 12 पैरामेडिकल कोर्स में 2,778 सीटें और मेडिकल कोर्स में 735 अतिरिक्त सीटें शामिल हैं।
इसके अलावा सरकार ने 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज बनाने का भी ऐलान किया है।

