महाराष्ट्र के रायगढ़ समुद्री तट पर संदिग्ध बोट दिखी: पाकिस्तानी नाव होने का शक; 26/11 के दौरान बोट से ही आए थे आतंकी
Published:
2 min read

फोटो- सिंबोलिक
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के रेवदांडा कोस्ट के पास एक संदिग्ध बोट देखी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि यह बोट किसी दूसरे देश की हो सकती है। जानकारी मिलते ही रायगढ़ पुलिस, बम स्क्वाड, क्विक रिस्पांस टीम और कोस्ट गार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है।
पाकिस्तान की बोट भी हो सकती है
PTI के मुताबिक, यह बोट रायगढ़ के कोर्लई तट से लगभग दो नॉटिकल मील दूर देखी गई। खराब मौसम की वजह से अभी तक उस संदिग्ध बोट तक पहुंचा नहीं जा सका है। रायगढ़ की SP अंचल दलाल खुद भी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तट पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। रिपोर्ट्स की मानें तो यह बोट पाकिस्तान की भी हो सकती है।
जांच में जुटी एजेंसियां
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां बोट की जांच करने की कोशिश कर रही हैं। पता लगाने में जुटी हैं कि यह बोट किस देश की है और यहां कैसे पहुंची। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बता दें, 2008 मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले आतंकी बोट के जरिए ही पाकिस्तान से भारत आए थे। उस बोट पर अजमल कसाब सहित 10 आतंकी सवार थे।

