सुरजेवाला बोले- चीन ने हमारी जमीन कब्जाई..ये सच: कल SC ने राहुल को कहा- सच्चा भारतीय ऐसा बयान नहीं देगा; प्रियंका बोलीं- ये जज नहीं डिसाइड कर सकते
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राहुल गांधी के 'चीन ने जमीन हड़पी' वाले बयान पर टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि सच्चा भारतीय कभी ऐसा बयान नहीं देगा। अब कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ये सच है कि चीन ने भारत की जमीन कब्जाई है। कोई भी देशभक्त भारतीय इसे नकार नहीं सकता। उन्होंने राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके भाई राहुल ने सेना के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं की। सरकार से सवाल पूछना विपक्ष का काम होता है।
सरकार बताए चीन से जमीन वापस कब लेगी
सुरजेवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अगर सरकार से सवाल पूछना अवमानना (contempt of court) है, तो वे और करोड़ों भारतीय इसे बार-बार करेंगे। क्योंकि असली देशभक्ता वही है जो देश की जमीन वापस दिलवाने की बात करे। राहुल गांधी भी यही कह रहे हैं। देशभक्ति यही मांग करती है कि सरकार से सवाल पूछे जाएं कि हमारी जमीन चीन से कब वापस ली जाएगी।
जज नहीं डिसाइड कर सकते देशभक्ति
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘मैं माननीय जजों का सम्मान करता हूं, लेकिन कहना चाहूंगी कि वे नहीं डिसाइड कर सकते हैं कि कौन देशभक्त है कौन नहीं। विपक्ष का तो काम ही होता है सरकार से सवाल पूछना। मेरे भाई ने सेना के खिलाफ कुछ भी नहीं बोला। वो तो उनकी बहुत इज्जत करते हैं। उनकी बातों को घुमा-फिराकर बताया गया है।’
राहुल ने कहा था- चीन ने भारत की 2 हजार sq km जमीन कब्जाई
इस मामले को ठीक से समझने के लिए थोड़ा पीछे चलते हैं। 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था, ‘चीन ने भारत की 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया है। 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए। अरुणाचल प्रदेश में हमारे सैनिकों को पीटा गया। लेकिन मीडिया और सरकार इस मसले पर चुप है।'
राहुल पर मानहानि का केस दर्ज हुआ
राहुल के इस बयान को सेना का अपमान बताते हुए बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के डायरेक्टर उदय शंकर श्रीवास्तव ने मानहानि का केस दर्ज कराया था। लखनऊ की एक कोर्ट ने राहुल के खिलाफ समन भी जारी कर दिया था। राहुल इसके खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे। हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- आपको कैसे पता चीन ने जमीन कब्जाई
अब सु्प्रीम कोर्ट ने राहुल को राहत देते हुए मानहानि केस की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। हालांकि, कोर्ट ने उन पर कड़ी टिप्पणी जरूर कर दी।
कोर्ट ने कहा- आप (राहुल गांधी) ने जो कुछ भी कहा, वो संसद में क्यों नहीं कहा। आपने सोशल मीडिया पर ये पोस्ट क्यों किया। सिंघवी जी (राहुल के वकील) बताइए, आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 sq km भारतीय जमीन पर कब्जा किया। क्या आपके पास दस्तावेज हैं। आप बिना दस्तावेज ऐसे बयान क्यों देते हैं? अगर आप सच्चे भारतीय हैं तो ऐसे बयान नहीं दे सकते।

