स्टूडेंट्स के सुसाइड पर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन: स्कूल-कॉलेजों में इंटरनल कमेटी, स्टाफ को 2 बार मेंटल हेल्थ की ट्रेनिंग अनिवार्य हो
Published:
3 min read

सुप्रीम कोर्ट ने हॉस्टल की छतों, बालकनी और पंखों पर जरूरी सुरक्षा उपाय लगाने के निर्देश दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने देश में लगातार हो रहे छात्रों के सुसाइड को लेकर गाइडलाइन जारी की है। कोर्ट का कहना है कि कई स्टूडेंट एकेडमिक टेंशन, परीक्षा का बोझ और संस्थाओं का सपोर्ट नहीं मिलने से अपनी जान दे रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 15 बिंदुओं की गाइडलाइन जारी की हैं।
यह गाइडलाइन पूरे देश के शैक्षणिक संस्थाओं के लिए जारी की गई है। इनमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, यूनिवर्सिटी, ट्रैनिंग अकेडमी और हॉस्टल शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह दिशा निर्देश नीट की तैयारी कर रही 17 साल की छात्रा की संदिग्ध मौत मामले की सुनवाई के बाद दिया। कोर्ट ने इस केस की CBI जांच के निर्देश भी दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन
- सभी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में मेंटल हेल्थ काउंसलर अनिवार्य हो
- परीक्षा के समय छोटे ग्रुप के लिए मेंटल और हेल्थ काउंसलर की नियुक्ति हो
- सर्टिफाइड प्रोफेसनल साल में 2 बार स्टाफ को भी मेंटल हेल्थ की ट्रेनिंग दें
- संस्थाओं में इंटरनल कमेटी बनाए, जो सेक्शुअल हैरेसमेंट, रैगिंग और एकेडमिक तनाव का सामाधान करें
- हॉस्टल की छतों, बालकनी और पंखों पर जरुरी सुरक्षा उपकरण लगाएं
- एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में हेल्पलाइन बड़े अक्षरों में लिखे जाएं
- बच्चों को प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग बैच में न बांटें
- पेरेंट्स बच्चों पर अनावश्यक दवाब न बनाए इसके लिए स्पेशल सेशन से उन्हें जागरुक किया जाए।
डरा रहे हैं NCRB के आंकड़े
सुप्रीम कोर्ट ने यह दिशा निर्देश नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के डेटा के आधार पर दिए हैं। जिसमें 2022 में देशभर में 1,70,924 सुसाइड केस दर्ज हुए थे, इनमें 13,044 सुसाइड छात्रों ने किए हैं। 2001 में 5,425 छात्रों ने सुसाइड किया था। रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक 100 सुसाइड केस में से 8 सुसाइड केस स्टूडेंट के निकल रहे हैं। NCRB के मुताबिक, 2,248 छात्रों ने परीक्षा में फेल होने पर सुसाइड कर लिया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह आंकड़े सिस्टम में कमियां उजागर करते हैं, इन पर तत्काल ध्यान देने की जरुरत है। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कहा कि छात्रों को साइकोलॉजिकल टेंशन, पढ़ाई के दबाव और एजुकेशनल इंस्टीट्यूट सपोर्ट देने के लिए इन दिशा निर्देशों को लागू करना जरुरी है।
हाल ही में कई छात्राओं ने किया सुसाइड
हाल ही में ग्रेटर नोएडा में एक छात्रा ने हॉस्टल में सुसाइड कर लिया था। छात्रा शारदा यूनिवर्सिटी से BDS (बेचलर ऑफ डेटल सर्जरी) की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा के रूम से मिले सुसाइड नोट में दो शिक्षक महेंद्र और शैरी के नाम लिखे हैं। परेशान करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं।
ओडिशा में भी एक छात्रा ने टीचर से तंग कॉलेज में ही खुद को आग लगा ली थी। भुवनेश्वर एम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

