ये निर्भया केस जैसा दर्दनाक: SC ने दिल्ली में गैंगरेप मामलों में संज्ञान लिया; चलती बस और पार्क में नाबालिगों के साथ हुई थी ज्यादती
Published:
3 min read

सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया
नेशनल डेस्क. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली-NCR में हाल ही में हुए रेप केसों पर स्वत: संज्ञान लिया है। इनमें कालकाजी मंदिर के पास पार्क और चलती स्लीपर बस में गैंगरेप के मामले शामिल हैं।
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस जेबी परदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने इन घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे NCR में बार-बार हो रहे यौन उत्पीड़न के मामलों की खबरों से दुखी हैं। साथ ही बेंच ने इन मामलों में जवाबदेही तय करने की जरूरत पर जोर दिया।
कोर्ट ने दो गैंगरेप की घटना का किया जिक्र
ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक की 47 किलोमीटर की यात्रा के दौरान चलती स्लीपर बस में टीनेज लड़की के साथ गैंगरेप का जिक्र करते हुए कोर्ट ने कहा, 2012 की निर्भया घटना से इसकी तुलना किए बिना दर्दनाक समानताएं देखी जा सकती हैं। कोर्ट ने कहा कि ये मामले कानून एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों की विफलता को उजागर करते हैं।
कोर्ट ने कालकाजी मंदिर के पास पार्क में गैंगरेप की घटना में सुरक्षा खामियों का जिक्र करते हुए कहा- कम रोशनी, खराब निगरानी, पेट्रोलिंग में कमी और अन्य प्रशासनिक खामियों की वजह से सार्वजनिक स्थानों को हाई रिस्क जोन बनने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
'एकजुटता व्यक्त करना समाधान नहीं'
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों की ओर से जवाबदेही के बिना एकजुटता व्यक्त करना कोई समाधान नहीं है। एकजुटता व्यक्त करना इस सामाजिक बुराई का हल नहीं है। एक ठोस एक्शन की जरूरत है, ताकि अपराधों पर लगाम, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और अधिकारियों पर जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की जाए।
दिल्ली में हाल में ये गैंगरेप की घटनाएं आई सामने
- दिल्ली के 142 एकड़ में फैले आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों आसिफ (30), मुकेश सिंह (24) और हेमंत सिंह (31) को गिरफ्तार किया है। वारदात सोमवार शाम करीब 7.15 से 7.30 बजे के बीच तब हुई थी जब लड़की अपने 17 साल के दोस्त के साथ अपना 17वां जन्मदिन मनाने पार्क गई थी। बताया जा रहा है कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। आसिफ के पास गन और चाकू था। तीनों आरोपियों ने नाबालिग से गैंगरेप किया था।
- इससे पहले 4 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही एक स्लीपर बस में 16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप किया गया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रा के दौरान लड़की के साथ गैंगरेप किया और फिर उसे कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

