राहुल की वोट अधिकार यात्रा में पहुंचे CM स्टालिन: BJP का चैलेंज- हिम्मत है बेटे का बयान बिहार में दोहराएं; JDU बोली- DMK सनातन विरोधी
Published:
3 min read

राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में मुजफ्फरपुर शामिल हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। इसमें बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन भी शामिल हुए। स्टालिन के बिहार दौरे पर राजनीति भी तेज हो गई है। बीजेपी ने स्टालिन को चैलेंज दिया कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे फिर से बिहारियों को टॉयलेट क्लीनर बोलें। JDU ने DMK को सनातन विरोधी बताया।
पुराने बयानों को लेकर निशाने पर स्टालिन
तमिलनाडु CM स्टालिन अपने और DMK नेताओं के पुराने बयानों की वजह से बीजेपी के निशाने पर हैं। BJP प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने कहा कि अगर स्टालिन में हिम्मत है तो वे बिहार में जाकर अपने बेटे उदयनिधि का सनातन धर्म को खत्म करने वाला बयान दोहराएं।
नारायणन तिरुपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि स्टालिन साहब, क्या आप बिहार में जाकर कहेंगे कि बिहारी तमिलनाडु में टॉयलेट साफ करते हैं? क्या आप उदयनिधि का सनातन धर्म खत्म करने वाला बयान दोहराएंगे? उन्होंने स्टालिन पर तंज कसा कि खुद को 'द्रविड़ियन मॉडल का शेर' बताने वाले अगर इतने सिद्धांतवादी हैं तो बिहारी जनता के सामने वही बातें कहकर दिखाएं।
‘DMK नेताओं ने बिहार के लोगों को गाली दी’
BJP ने स्टालिन के बिहार दौरे को पूरी तरह से पाखंड बताया है। तिरुपति ने कहा- DMK नेताओं ने बिहारी लोगों को गाली दी, उन्हें अनपढ़, पानीपुरी बेचने वाला और टॉयलेट क्लीनर कहा। अब उन्हीं से वोट मांगने बिहार जा रहे हो, ये शर्मनाक नहीं तो और क्या है? BJP प्रवक्ता ने कहा- ये एंटी बिहार रवैया है। अगर स्टालिन में ईमानदारी है तो सबसे पहले बिहार की जनता से माफी मांगें, फिर वोट मांगने जाएं।
BJP नेता के. अन्नामलाई ने भी स्टालिन को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें राहुल गांधी के साथ मंच शेयर करते हुए वही विवादित टिप्पणियां दोहराना चाहिए।
'बेटे के बयान के लिए माफी मांगे स्टालिन'
स्टालिन के बिहार दौरे पर JDU ने भी आपत्ति जताई है। JDU नेता अभिषेक झा ने कहा कि राहुल गांधी बिहार में ऐसे नेताओं को लेकर आ रहे हैं जिन्होंने हिंदू धर्म और बिहारियों पर अपमानजनक टिप्पणी की है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अगर ऐसे लोगों को मंच पर खड़ा करेंगे तो बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। झा ने स्टालिन को याद दिलाया कि उनके बेटे उदयनिधि ने सनातन धर्म को डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारी बताया था और इसके लिए आज तक माफी नहीं मांगी।

