सपा विधायक ने की योगी आदित्यनाथ की तारीफ: पूजा पाल बोलीं- मेरी पति के हत्यारे अतीक को CM ने मिट्टी में मिलाने का काम किया; अखिलेश यादव ने पार्टी से निकाला
Published:
2 min read

सपा विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल बसपा से विधायक थे, जनवरी 2005 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। (फाइल फोटो)
समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल ने विधानसभा में योगी सरकार की तारीफ की। उन्होंने उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलेरेंस की नीति अपनाने के लिए धन्यवाद दिया। पूजा पाल ने कहा कि सीएम योगी ने मेरी पति के हत्यारे अतीक अहमद को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। बता दें, अतीक अहमद पर 2005 में पूजा पाल के पति BSP नेता राजू पाल की हत्या का आरोप है। उधर, सीएम योगी की तारीफ करने पर सपा ने पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

उत्तरप्रदेश विधानसभा में बुधवार को ‘विजन डॉक्युमेंट 2047’ पर 24 घंटे मैराथन चर्चा हुई। सपा विधायक ने अतीक अहमद पर कार्रवाई के लिए सीएम योगी को क्रेडिट दिया।
सीएम ने मेरी बात सुनी- सपा विधायक
उन्होंने विधानसभा में बोलते हुए कहा कि सभी को पता है मेरे पति की हत्या किसने की और वह कौन लोग थे। मैं सीएम योगी को धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने मेरी बात सुनी, जो किसी ने नहीं सुनी। उन्होंने माफियाओं पर एक्शन लेकर मेरी तरह प्रयागराज की कई महिलाओं के साथ न्याय किया है।
जब मैं थक गई थी, तब मुझे न्याय मिला- पूजा पाल
उन्होंने कहा कि मेरी पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आत्मविश्वास को पूरा प्रदेश देख रहा है। जब में इस लड़ाई में थक गई थी, तब सीएम योगी ने मुझे न्याय दिया।
शादी के 9 दिन बाद हुई थी पति की हत्या
पूजा पाल के पति राजू पाल बसपा से विधायक थे, जनवरी 2005 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। जब राजू की हत्या हुई तब उनकी शादी को सिर्फ 9 दिन हुए थे। राजू पाल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ अहमद को इलाहबाद पश्चिम उपचुनाव में हराया था। बाद में अहमद और अशरफ को एक अलग केस में दोषी ठहराया गया था। अप्रैल 2023 में पुलिस कस्टडी में दोनों की हत्या हुई थी।

