दिल्ली के कालकाजी में दर्दनाक हादसा: बारिश के बीच बाइक सवार पर गिरा पेड़, शख्स की मौत; बेटी जख्मी
Published:
2 min read

साउथ दिल्ली के कालकाजी में बाइक सवार पर नीम का पेड़ गिर गया।
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को सुबह से ही लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के बीच कालकाजी में एक पुराना नीम का पेड़ बाइक सवार पर गिर गया। इससे शख्स की मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से जलभराव और जाम की स्थिति देखने को मिली। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बाइक सवार पर गिरा पेड़
दिल्ली के कालकाजी में करीब सुबह 10 बजे नीम का पेड़ एक बाइक सवार पर गिर गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि बाइक सवार अपनी बेटी के साथ रास्ते से गुजर रहा था, तभी पेड़ उसके ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में और भी वाहन आए। बाइक सवार पेड़ के नीचे दब गया। पुलिस ने बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचकर और रेस्क्यू ऑरेपरेशन शुरु किया। इस दौरान बाइक सवार और उसकी बेटी को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान बाइक सवार की मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस ने रूट डायवर्ट किए
इससे पहले मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। राजधानी के कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मूलचंद अंडरपास, एम्स फ्लाईओवर और साउथ एक्सटेंशन लूप ,समेत कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम के चलते रूट डायवर्ट किया। उधर, दिल्ली एयरपोर्ट ने भी एडवाइजरी जारी की है। जिसमें यात्रियों से जलभराव और ट्रैफिक से बचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने पर विचार करने का अनुरोध किया है।

