CJP प्रोटेस्ट को सोनम वांगचुक का सपोर्ट: बोले- हिरासत में लिए नेताओं को रविवार तक रिहा नहीं किया तो भूख हड़ताल करूंगा
Published:
2 min read

सोनम वांगचुक ने NEET पेपर लीक को लेेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान अनशन किया था।
नेशनल डेस्क. लद्दाख एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस को चेतावनी दी है कि CJP प्रोटेस्ट के दौरान हिरासत में लिए गए नेताओं को अगर रविवार तक रिहा नहीं किया जाता तो वे पदयात्रा या भूख हड़ताल करेंगे।
वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो जारी कर कहा, देश अघोषित इमरजेंसी की स्थिति में है। उन्होंने कहा- कल मैंने आज के विरोध प्रदर्शन में एकता और शांति की अपील करते हुए एक संदेश पोस्ट किया था, तब मैंने ये सोचा भी नहीं था कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र एक अघोषित आपातकाल में बदल जाएगा।
सोनम वांगचुक दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा- मैं खुश था कि कई नेता आंदोलन को लीड कर रहे हैं। लेकिन अब मुझे पता चला है कि सभी को हिरासत में ले लिया गया है। वांगचुक ने उम्मीद जताई कि जल्द ही सबको रिहा किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रविवार तक हिरासत में लिए गए नेताओं को नहीं छोड़ा गया तो अनशन या पदयात्रा करेंगे।
2000 से ज्यादा हिरासत में
दरअसल, विपक्ष चुनावों में कथित गड़बड़ी को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। CJP ने भी इसी मुद्दे पर आज जंतर-मंतर पर मार्च बुलाया था। हालांकि, पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने सुबह से ही दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। वहीं, ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने करीब 2000 लोगों को हिरासत में लिया है।
कई नेता भी हिरासत में
CJP के अलावा आप नेता अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन, केरल के पूर्व सीएम पी विजयन को भी हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा लेफ्ट के कार्यकर्ताओं को भी डिटेन किया गया है।

