MP में गर्भवती के वीडियो पर बवाल: लीला साहू बोलीं- सड़क बनवाने की हिम्मत नहीं तो बता देते; सांसद का जवाब- डिलीवरी डेट बताओ, अस्पताल पहुंचा देंगे
Published:
3 min read

लीला साहू की मांग पर सीधी सांसद ने दिया जवाब
मध्य प्रदेश के सीधी जिले की एक गर्भवती महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गर्भवती लीला साहू ने सीधी सांसद से सड़क बनवाने की मांग की थी। लीला साहू का ये वीडियो खूब वायरल हुआ। इसके बाद लीला ने और भी वीडियो बनाए, उनमें से एक में उन्होंने कहा था, सांसद जी सड़क बनवाने की हिम्मत नहीं तो पहले ही बता देते। अब सीधी सांसद राजेश मिश्रा ने लीला साहू के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आप डेट बताओ हम आपको उठवा लेंगे, सड़क बनवाने का काम मेरा नहीं है।
सीधी जिले की रहने वाली लीला साहू इन दिनों चर्चा में बनी हुई हैं। गर्भवती महिला लीला साहू ने मोबाइल से वीडियो शूट कर अपने इलाके की खराब सड़क का हाल दिखाकर सरकार को खरी खोटी सुनाईं। वीडियो में वे सांसद राजेश मिश्रा को भी खरी-खोटी सुनाती नजर आ रही हैं।
9 महीने की गर्भवती हैं लीला
दरअसल, लीला साहू अभी 9 महीने की गर्भवती हैं। उनका कहना है कि पिछले 1 महीने से क्षेत्र में तेज बारिश हो रही है, जिससे मिट्टी की सड़कों पर कीचड़ जम गया है। कीचड़ भरे रास्ते से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। लीला साहू ने कहा, "खड्डी खुर्द, बगेया टोला से गजरी जाने वाली सड़क की मांग हम एक साल से सांसद और विधायक से करते आ रहे हैं, लेकिन हमें सिर्फ तारीखें और वादे मिले हैं। सड़क अब तक नहीं बनी हैं। उन्होंने सांसद से सवाल किया कि आखिर कब तक उन्हें इस कीचड़ से गुजरना पड़ेगा और परेशानी झेलनी पड़ेगी। खराब रास्ते की वजह से स्कूली बच्चे भी स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। गुस्से में ग्रामीणों ने रास्ते पर धान की रोपाई करने को मजबूर हो गए हैं।
आपकी हिम्मत नहीं रोड़ बनवाने की: लीला
वीडियो में लीला साहू ने कहा, “सांसद जी, क्या आपकी हिम्मत नहीं रोड बनवाने की? पहले ही बता देते कि बनवाने की हिम्मत नहीं है, तो हम खुद ही बड़े नेता से मिल लेते। झूठे वादे क्यों किए?”
'आप डेट बताओ, सरकार के पास पर्याप्त व्यवस्था: सांसद
सीधी से बीजेपी सांसद राजेश मिश्रा ने लीला साहू से डिलीवरी डेट बताने को कहा, ताकि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा सके। मिश्रा ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। सरकार के पास पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस और अस्पताल मौजूद हैं। साथ ही गांव-गांव में आशा कार्यकर्ता भी काम कर रही हैं। हम व्यवस्था करेंगे। डिलीवरी की एक संभावित डेट दी जाती है। वह हमें बताएं तो हम एक हफ्ते पहले उन्हे उठा लेंगे और अस्पताल में भर्ती करवा देंगे। सड़क बनाने का काम उनका नहीं है। सड़क बनाने का काम इंजीनियर और ठेकेदार का होता है सड़क खराब है इसके लिए पूर्व की कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने सड़क के लिए कुछ नही किया।
एक साल पहले सड़क बनवाने का दावा कर चुके है सांसद
जिस सड़क का जिक्र लीला साहू ने अपनी रील में किया है। उसको बनवाने का दावा सीधी सांसद ने एक साल पहले किया था, लेकिन सड़क साल बीत जाने के बाद भी अभी तक नहीं बनी है। क्षेत्र के लोग सांसद से मांग कर रहे हैं कि वह अपना वादा पूरा करें।
वही पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने सोशल मीडिया पर सड़क बनाने की मांग पर सवाल उठाया हैं। उन्होंने कहां कि सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने से सड़क नहीं बन जाएगी। सरकार के पास इतना बजट नहीं कि एक पोस्ट पर सड़क बनाने पहुंच जाए।

