क्या BJP के अगले अध्यक्ष बनेंगे शिवराज सिंह चौहान: RSS प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के बाद लग रहे कयास; मामा बोले- न मैंने कभी ऐसा सोचा, न किसी ने मुझे बताया
Published:
3 min read

शिवराज सिंह चौहान के BJP अध्यक्ष बनने की चर्चा राजनीती में तेज है। मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो चुका है। ऐसे में बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर लाेग कयास लगा रहे हैं। (फाइल फोटो)
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की RSS प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के बाद उनके बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के कयास तेज हो गए हैं। हालांकि, जब मंगलवार को शिवराज चौहान से पूछा गया कि क्या वे अगले बीजेपी अध्यक्ष होंगे। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि अभी मेरा सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि कैसे किसानों की आय को बढ़ाया जाए।
दरअसल, बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो चुका है। ऐसे में बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कवायद जारी हैं। इन सबके बीच हाल ही में शिवराज सिंह चौहान और RSS के प्रमुख डॉ मोहन भागवत की दिल्ली में मुलाकात हुई। दोनों की ये बैठक 45 मिनट तक चली। खास बात ये है कि संघ प्रमुख से शिवराज चौहान की ये मुलाकात करीब 2 साल बाद हुई। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की अटकलें तेज हो गईं।
'न मैंने कभी सोचा, न किसी ने मुझे बताया'
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जब इस बारे में शिवराज सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा, न तो मैंने कभी इसके बारे में सोचा है, न ही किसी ने मुझे बताया है। मैं इसके बारे में सोच भी नहीं सकता। मैं कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री हूं। मैं इस काम को पूजा की तरह कर रहा हूं। किसानों की सेवा करना मेरे लिए भगवान की पूजा है और मैं यह पूजा करता रहना चाहता हूं।
अभी मेरा फोकस सिर्फ किसानों पर- शिवराज सिंह
शिवराज सिंह ने कहा, 'मैं एक बात कहना चाहता हूं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी है। इस समय, कृषि मेरे रोम-रोम में है और किसान मेरी सांसों में हैं। उन्होंने कहा , 'मेरा एक ही लक्ष्य है: कृषि उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए, किसानों की आय कैसे बढ़ाई जाए, ग्रामीण क्षेत्रों का विकास कैसे किया जाए, और ज्यादा लखपति दीदी कैसे बनाई जाएं।
चार बार CM रह चुके शिवराज सिंह
शिवराज सिंह मध्य प्रदेश के चार बार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से आते हैं। बीजेपी की जीत में OBC को एक प्रमुख चुनावी वजह माना जाता है। शिवराज चौहान इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वे BJYM का भी नेतृत्व कर चुके हैं। 2013 में जब नरेंद्र मोदी गुजरात के सीएम थे और उनका नाम PM उम्मीदवार की रेस में आया, तब शिवराज सिंह को भी प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के दावेदारों में से एक थे।
शिवराज सिंह के नेतृत्व में दिसंबर 2023 में एमपी में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान को मोदी कैबिनेट में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया। उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी और 2024 का लोकसभा चुनाव विदिशा से लड़ा और जीता।

