कैंटीन संचालक से मारपीट का मामला: विधायक बोले- मारपीट गलत थी लेकिन जरूरी भी, मेरी वजह से सरकार ने एक्शन लिया
Published:
2 min read

महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक संजय गायकवाड़
महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक संजय गायकवाड़ ने कैंटीन संचालक से मारपीट के मामले में गुरुवार को फिर सफाई दी। गायकवाड़ ने कहा, जो मैंने किया वह गलत था, लेकिन जरूरी था। लोग सालों से इस खराब खाने की शिकायत कर रहे थे। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा था लेकिन मेरी वजह से इस पर कार्यवाही हो रही है। इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने भी कैंटीन संचालक से मारपीट को लेकर विधायक की आलोचना की थी और स्पीकर से एक्शन लेने की मांग की थी।
विधायक गायकवाड़ ने कहा कि पिछले पांच साल में कैंटीन के खाने की गुणवत्ता को लेकर कई बार सवाल खड़े हुए, 200 से ज्यादा शिकायतें हुईं। लेकिन कभी कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतों के बाद भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कोई खास कार्रवाई नहीं की।
विधायक ने कहा- एफडीए मंत्री नरहरि जिरवाल से मेरी बात हुई उन्होंने मुझे बताया कि अधिकारियों से कार्रवाई के लिए कहने के बावजूद, उन्हें दो-तीन महीने तक कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
क्या है पूरा मामला
घटना मुंबई के चर्चगेट स्थित आकाशवाणी एमएलए कैंटीन की है। संजय गायकवाड़ बुलढाणा से शिवसेना विधायक है। उन्होंने कैंटीन से एक थाली ऑर्डर की थी। थाली आने पर विधायक ने देखा की दाल से बदबू आ रही है। इसके बाद वे गुस्से में कैंटीन पहुंच गए और पूछा कि दाल किसने बनाई है। गायकवाड़ ने कैंटीन में मौजूद स्टाफ से दाल सूंघने को कहा।
वायरल वीडियो में गायकवाड़ कहते दिख रहे हैं, 'ये दाल मुझे किसने दी? जरा सूंघो इसे, पैक करो और फूड डिपार्टमेंट को फोन करो। जब तुम ये एक विधायक परोस रहे हो तो, बाकी आम लोगों को क्या देते हो?' इस पर कैंटीन में मौजूद एक व्यक्ति बोला, इसे खाकर कोई मर भी सकता है।
इसके बाद विधायक ने स्टाफ से कैंटीन संचालक को बुलाने के लिए कहा। कैंटीन संचालक के आने पर उन्होंने उससे दाल सूंघने को कहा। जैसे ही संचालक ने दाल सूंघने के लिए घुसा, विधायक ने उसे मारना शुरू कर दिया।
विधान परिषद पहुंचा मामला
कैंटीन स्टाफ के साथ मारपीट का मामला विधान परिषद तक पहुंच गया था। विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि विधायक का आचरण सदन की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने स्पीकर से विधायक गायकवाड़ पर एक्शन लेने की अपील की थी।

