शहजाद पूनावाला का BJP से इस्तीफा: बोले- आर्थिक और व्यक्तिगत वजह से पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा, विचार नहीं
Published:
2 min read

शहजाद पूनावाला ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।
नेशनल डेस्क. शहजाद पूनावाला आर्थिक वजहों का हवाला देते हुए BJP के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भेजा गया लेटर भी शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा- आर्थिक और व्यक्तिगत वजह से पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं। अब निजी क्षेत्र में काम करूंगा। लेकिन पार्टी के विचार नहीं छोड़ रहा।
पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए लेटर में लिखा- मैंने 30 जुलाई को बिना शर्त इस्तीफे की पेशकश की थी। लेकिन पार्टी आलाकमान ने इसे तुरंत स्वीकार करने से इनकार कर दिया और मुझसे इस पर दोबारा विचार करने के लिए कहा गया। यह मेरे लिए भावुक करने वाला था। लेकिन विचार-विमर्श और गंभीर चिंतन के बाद मैमने फैसला लिया है कि मैं बीजेपी में सभी पदों से मुक्त होना चाहता हूं।

PM मोदी-अमित शाह को धन्यवाद कहा
शहजाद पूनावाला ने कहा, पीएम मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन, अमित शाह, राजनाथ सिंह, संगठन मंत्री बीएल संतोष जैसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति बिना किसी आहत भाव से और सम्मान के साथ मैं पार्टी द्वारा 5 साल तक दिए मंच के लिए सभी को धन्यवाद देता हूं।
पूनावाला ने आगे लिखा- मैंने पहले भी कहा था कि बहुत जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत वजहों की वजह से मैं निजी क्षेत्र में काम करूंगा। लेकिन जहां भी संभव होगा, चाहें किसी भी रूप में मैं पीएम मोदी और बीजेपी के कार्यों का समर्थन करता रहूंगा। मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं।
2021 में BJP में शामिल हुए थे पूनावाला
शहजाद पूनावाला पहले कांग्रेस में थे। 2017 में उन्होंने राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया और पार्टी में वंशवाद पर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। 2021 में वे BJP में शामिल हुए और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने।

