नेपाल की बाढ़ को ड्रामा बताने के बाद थरूर की सफाई: कहा- गलत शब्द इस्तेमाल कर लिया, थोड़ी समझदारी दिखानी थी
Published:
3 min read

शशि थरूर केरल से कांग्रेस सांसद हैं। वो पूर्व में डिप्लोमैट भी रह चुके हैं। (फाइल)
नेशनल डेस्क. दो दिन से नेपाल की राजधानी काठमांडू में मौजूद कांग्रेस सांसद शशि थरूर के सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद हो गया। 27 अगस्त को नेपाल में बाढ़ की घटना को थरूर ने एक ट्वीट में ड्रामा करार दिया था। सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त आलोचना हुई।
इसके बाद 28 अगस्त की सुबह थरूर ने इसी पोस्ट को टैग करते हुए सफाई दी।
पहले क्या कहा था
थरूर ने 27 अगस्त को कहा था- मैं काठमांडू पहुंचा ही था। मुझे पता नहीं था कि यहां के पहाड़ी इलाके में क्या ड्रामा हुआ है। इससे जबरदस्त नुकसान हुआ है। तिब्बत से लगने वाली बॉर्डर पर भोटेकाशी नदी में अचानक बाढ़ से विनाश हुआ है।

इसके बाद आलोचना
- थरूर ने अपने ट्वीट में ड्रामा शब्द इस्तेमाल किया था। अमूमन इसका मतलब नाटक होता है।
- सोशल मीडिया यूजर्स ने थरूर के इस पोस्ट पर हैरानी और नाराजगी जताई।
- कहा- आप जैसे इंग्लिश के मास्टर से ऐसे शब्द की उम्मीद नहीं की जाती। जहां सैकड़ों लोग मारे गए हों और हजारों लापता हों, आप इसे ड्रामा कैसे कह सकते हैं।
- कुछ लोगों ने थरूर की समझ पर ही सवाल उठा दिए। कहा- यह सेंसेटिव और इंसानियत से जुड़ा मामला है। आपकी बात से हमें दुख हुआ।

अब सफाई में क्या कहा
- 28 अगस्त को थरूर ने एक और ट्वीट किया। इसमें ड्रामा शब्द के इस्तेमाल पर सफाई दी। कहा- मैंने जो लिखा, उसका वो मतलब नहीं था। हालांकि, जो भी शब्द मैंने इस्तेमाल किया, उसके लिए अफसोस है। ड्रामा शब्द का मतलब हमेशा नाटक नहीं होता। डिक्शनरी में इसका और भी मतलब बताया गया है।
- उन्होंने कहा- ऐसे हालात या घटनाएं जो किसी तरह का नुकसान और ताकतों का टकराव दिखाती हों, उन्हें भी ड्रामा कहा जाता है। मैं यही कहना चाहता था। हालांकि, मुझे ज्यादा अच्छा शब्द इस्तेमाल करना चाहिए था। क्योंकि, लोगों ने इसका मतलब वही निकाला जो आमतौर पर माना जाता है।

नेपाल में क्या हुआ
- तिब्बत में ग्लेशियर फटने की वजह से नेपाल के उत्तरी इलाके में आई बाढ़ से शुक्रवार को मरने वालों की संख्या 469 हो गई है। Kathmandu Post के मुताबिक, नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अभिनारायण काफले ने इसकी पुष्टि की। 1000 लोग अभी तक लापता है। इनमें 700 से ज्यादा विदेशी टूरिस्ट शामिल हैं।
- अब चीन ने अगले 72 घंटों में नया फ्लैश फ्लड आने को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। चीन ने कहा है- नेपाल और तिब्बत में फ्लैश फ्लड की तबाही अभी थमी नहीं है। तिब्बत-नेपाल बॉर्डर के पास मलबे से बनी एक बैरियर लेक पहले ही ओवरफ्लो कर रही है।
- इस बीच भारत सरकार ने नेपाल के लिए लाखों टन राहत सामग्री भेजी है। एयरफोर्स का सबसे ताकतवर कार्गो एयरक्राफ्ट c-17 ग्लोबमास्टर लगातार ये सामान पहुंचा रहा है। इनमें दवाइयां, कपड़े, मजबूत टेंट के अलावा कंबल और खाने का सामान शामिल है।

