शारदा यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट ने फांसी लगाई: सुसाइड नोट में दो टीचर्स का जिक्र; लिखा- डिप्रेशन में हूं, जीना नहीं चाहती
Published:
3 min read

छात्रा ने शुक्रवार शाम 7 बजे हॉस्टल की 12वीं मंजिल पर रूम में फांसी लगा ली।
ग्रेटर नोएडा में एक छात्रा ने हॉस्टल में सुसाइड कर लिया। छात्रा शारदा यूनिवर्सिटी से BDS (बेचलर ऑफ डेटल सर्जरी) की पढ़ाई कर रही थी। छात्रा के रूम से मिले सुसाइड नोट में दो टीचर महेंद्र और शैरी के नाम लिखे हैं। उसने दोनों शिक्षकों पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए। छात्रा के परिजनों के विरोध के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हॉस्टल की 12वीं मंजिल पर लगाई फांसी
BDS की पढ़ाई करने वाली 21 साल की ज्योति शर्मा गुरुग्राम के अशोक बिहार की रहने वाली थी। हॉस्टल में वह अपनी 3 दोस्तों के साथ रहती थी। छात्रा ने शुक्रवार शाम 7 बजे हॉस्टल की 12वीं मंजिल पर रूम में फांसी लगा ली। उसकी बॉडी पंखे से लटकी मिली।
छात्रों और परिजनों का यूनिवर्सिटी में हंगामा
जैसे ही ज्योति के सुसाइड की खबर फैली, कैम्पस में छात्र इकट्ठा हो गए। उन्होंने जुलूस निकालकर यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी। उन्होंने छात्रा के परिजनों के साथ मिलकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रा की मां ने मेडिकल डिपार्टमेंट के HOD को थप्पड़ मार दिया और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए।
HOD ने फर्जी साइन का लगाया था आरोप-छात्र
ज्योति के क्लासमेट्स ने बताया कि वह कुछ दिन से बहुत परेशान थी। HOD ने उस पर फर्जी साइन करने का आरोप लगाया था। उसे लगातार तीन दिन से PCP (प्री-क्लिनिकल प्रोस्थोडॉन्टिक्स) डिपार्टमेंट में नहीं आने दिया जा रहा था। HOD सर ने कहा था कि तुमने अपनी फाइल पर खुद साइन किए हैं।
'उन्हें भी ऐसे ही सहना पड़े'
सुसाइड नोट में छात्रा ज्योति शर्मा ने लिखा- 'PCP (प्री-क्लिनिकल प्रोस्थोडॉन्टिक्स) और डेंटल मटेरियल के दोनों टीचर इसके लिए दोषी हैं। दोनों ने मुझे मानसिक रुप से परेशान किया। उन्होंने मुझे अपमानित किया। मैं उनकी वजह से कई दिनों से डिप्रेशन में रही। मैं चाहती हूं उन्हें भी यही सब सहना पड़े। मुझे माफ करना, मैं अब और नहीं जीना चाहती। मैं उन्हें जेल भेजना चाहती हूं'।
यूनिवर्सिटी ने हाईलेवल कमेटी बनाई
शारदा यूनिवर्सिटी ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दो वॉइस चांसलर के नेतृत्व में हाईलेवल कमेटी बनाई गई है। जनसंपर्क विभाग के डायरेक्टर डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि हम लोग परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करते हैं। दो आरोपी शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। हाईलेवल कमेटी बनाई गई है। जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन पुलिस के साथ को-ऑपरेट कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर सुधीर कुमार ने कहा कि छात्रा के परिजनों की शिकायत पर यूनिवर्सिटी के दो स्टाफ मेंबर को गिरफ्तार किया गया है। स्टूडेंट की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच हो रही है।

