राउत बोले- पूर्व उपराष्ट्रपति अभी कहां हैं: क्या वे सुरक्षित हैं..हमें उनकी चिंता; अमित शाह से कहा- हमें धनखड़ जी के बारे में जानकारी चाहिए
Published:
2 min read

जगदीप धनखड़ (बाएं) ने 21 जुलाई को अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने होम मिनिस्टर अमित शाह को लेटर लिखा है। उन्होंने लेटर में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की हेल्थ और सिक्योरिटी को लेकर चिंता जताई है। राउत ने सवाल किया है कि धनखड़ आखिर कहां हैं। वे किस स्थिति में हैं, सुरक्षित हैं भी कि नहीं। राउत का कहना है कि कई राज्यसभा सांसद उनसे मिलना चाह रहे हैं, लेकिन सामने से कोई जवाब नहीं मिल रहा।
बता दें, जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफे के बाद से ही पूर्व उपराष्ट्रपति का अता-पता नहीं
संजय राउत ने होम मिनिस्टर अमित शाह को लेटर लिखकर कुछ सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा- धनखड़ जी अब कहां हैं। उनकी हेल्थ कैसी है। क्या वे सुरक्षित हैं। उनके बारे में कोई क्लियर जानकारी क्यों नहीं मिल रही है। राउत ने कहा कि 21 जुलाई यानी धनखड़ के इस्तीफे वाले दिन से आज तक उनका कुछ अता-पता नहीं है।

धनखड़ के साथ अनहोनी भी हो सकती
राउत ने लेटर में लिखा- दिल्ली में ऐसी अफवाहें हैं कि पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ को घर के अंदर बंद कर दिया गया है। वे सुरक्षित नहीं हैं। उनके साथ कुछ अनहोनी भी हो सकती है।
धनखड़ का पता जानने के लिए SC जाने पर विचार
राउत ने आगे लिखा- राज्यसभा के कई सांसद अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने पर विचार कर रहे हैं, ताकि धनखड़ जी की सुरक्षा और उनकी लोकेशन का पता चल सके। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट जाने से पहले मैंने सोचा कि आपको लेटर लिखना ठीक रहेगा। ताकि आप मेरी भावना समझें और धनखड़ जी के बारे में सही जानकारी शेयर करें।
धनखड़ के इस्तीफे ने सभी को चौंकाया
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सौंपे पत्र में कहा, ‘मैं संविधान के अनुच्छेद 67(A) के अनुसार उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं।’
उनके इस फैसले ने पक्ष-विपक्ष और आम जनता सभी को चौंका दिया।

