गद्दारों को सम्मान दे रहे: एकनाथ शिंदे से मुलाकात को लेकर शरद पवार पर भड़के संजय राउत, बोले- इससे हमें दुख पहुंचा
Published:
2 min read

NCP(SP) चीफ शरद पवार ने बुधवार को एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी।
नेशनल डेस्क. NCP(SP) चीफ शरद पवार बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के दफ्तर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस पर शिवसेना (उद्धव गुट) ने नाराजगी जताई है। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि शरद पवार गद्दारों को सम्मान दे रहे हैं, यह देखकर हम सबको दुख पहुंचा।
संजय राउत ने कहा- हमें शरद पवार की विचारधारा पर कोई संदेह नहीं है। लेकिन पवार का डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के दफ्तर पहुंचना और गद्दारों को मान-सम्मान देना। इससे हमें ठेस पहुंची है। राउत ने कहा, अगर आप गद्दारों को सम्मान दे रहे हैं तो आपको अजीत पवार के नेतृत्व में पार्टी छोड़ने वाले NCP नेताओं के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
शिंदे से मुलाकात की क्या जरूरत- राउत
शिवसेना सांसद राउत ने पूछा- ये बैठक डिप्टी सीएम के दफ्तर में क्यों हुई, पवार ने शिंदे से मुलाकात क्यों की। उन्हें शिंदे के दफ्तर जाने की जरूरत क्या थी? शिंदे कौन हैं क्या वे वे वाई.बी.चव्हाण, वसंतदादा पाटिल या फिर विलासराव देशमुख हैं क्या?
UBT के 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल
इससे पहले उद्धव गुट के 6 लोकसभा सांसद शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। चर्चा है कि उद्धव गुट के कुछ विधायक भी शिंदे के साथ आ सकते हैं। यही वजह है कि शरद पवार की एकनाथ शिंदे के साथ बैठक को लेकर शिवसेना (UBT) ने नाराजगी जताई है। उधर, उद्धव ठाकरे ने मंगलवार शाम को बांद्रा स्थित अपने आवास पर पार्टी के सभी विधायकों की बैठक भी बुलाई थी।

