संभल में बड़ा हादसा: कॉलेज की बाउंड्री से टकराई बारात में जा रही बोलेरो कार, दूल्हे समेत 8 की मौत
Published:
2 min read

संभल में भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के संभल में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारात में जा रही बोलेरो कार कॉलेज की बाउंड्री से टकरा गई। इस हादसे में दूल्हे समेत 8 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
बताया जा रहा है कि संभल के हर गोविंदपुर गांव से सूरज की बारात बदायूं के सिरटोल गांव जा रही थी। लेकिन रास्ते में जुनावई में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की बाउंड्री से टकरा गई। हादसे में सूरज समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे के वक्त कार में 10 लोग सवार थे।
हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार तेज रफ्तार से थी। ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर पाया और कॉलेज की बाउंड्री से कार टकरा गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
सूरज (दूल्हा) 24 साल, आशा (दूल्हे की भाभी) उम्र 26 साल, एश्वर्या (भतीजी) उम्र 2 साल, विष्णु उम्र 6 साल और दूल्हे की चाची और 2 अन्य रिश्तेदारों की हादसे में मौत हो गई।
संभल एएसपी (साउथ) अनुकृति शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और मेडिकल की टीम पहुंची। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया गया। रेस्क्यू के दौरान 5 लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल भेजा गया। पुलिस हादसे की वजह पता लगाने की कोशिश में जुटी है।

