विपक्ष के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट सुदर्शन रेड्डी नक्सली विचारधारा से प्रभावित: शाह बोले- उन्होंने जज रहते एक फैसला सुनाया..वर्ना नक्सलवाद 2020 के पहले ही खत्म था
Published:
2 min read

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी को विपक्ष ने अपना उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाया है।
होम मिनिस्टर अमित शाह ने विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी पर टिप्पणी की है। शाह ने कहा कि अगर सुदर्शन रेड्डी ने 2011 में सलवा जुडूम के खिलाफ फैसला नहीं सुनाया होता तो देश में 2020 तक ही नक्सलवाद खत्म हो जाता। शाह ने कहा कि सुदर्शन रेड्डी ने जज की कुर्सी पर बैठकर नक्सलवाद का सपोर्ट किया।
दरअसल, सलवा जुडूम छत्तीसगढ़ का एक सैन्य आदिवासी ग्रुप था। ये संगठन नक्सलियों के खात्मे के लिए बनाया गया था। बाकायदा इसे सरकार का समर्थन प्राप्त था। हालांकि, 2011 में सुप्रीम कोर्ट में जज की कुर्सी पर बैठे जस्टिस रेड्डी ने इस संगठन को असंवैधानिक बता दिया। इसके बाद यह संगठन खत्म हो गया था।
सुरदर्शन रेड्डी ने नक्सलवाद को बढ़ावा दिया
अमित शाह ने शुक्रवार को कहा- सुदर्शन रेड्डी वो शख्स हैं, जिन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने अपनी विचारधारा की वजह से साल्वा जुडूम के खिलाफ फैसला सुना दिया।
रेड्डी को उम्मीदवार बनाने से कांग्रेस को नुकसान होगा
शाह ने कहा कि केरल में कांग्रेस की जीत के अवसर और कम हो गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने ऐसा उम्मीदवार खड़ा किया है जो नक्सलवाद का समर्थन करता है। वो सुप्रीम कोर्ट जैसे पवित्र मंच का उपयोग इस प्रकार की नीतियों के लिए करता है। शाह ने केरल के लोगों से कहा कि आप लोग इस बात को समझिए कि कांग्रेस ने नक्सलवाद का समर्थन करने वाले उम्मीदवार को अपनी ओर से पेश किया है।
अमित शाह ने ये बातें नई दिल्ली में आयोजित मलयालम भाषा और केरलवासियों से जुड़े एक इवेंट में कहीं।
कौन हैं विपक्ष के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट सुदर्शन रेड्डी
सुदर्शन रेड्डी का जन्म हैदराबाद के किसान परिवार में हुआ था। 2005 में गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने। इसके बाद 2017 में सुप्रीम कोर्ट चले गए। इसके अलावा वे गोवा के पहले लोकायुक्त भी थे। उन्हें INDIA ब्लॉक ने 20 अगस्त को उन्हें वाइस प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट घोषित किया।
उनका मुकाबला NDA कैंडिडेट सीपी राधाकृष्णन से होगा। सीपी राधाकृष्णन फिलहाल महाराष्ट्र के गर्वनर हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी।

