मस्जिद में डिंपल का पहनावा गलत : अखिलेश यादव की सांसद पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना रशीदी बोले- इकरा से सीखें डिंपल
Published:
2 min read

22 जुलाई को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के संसद भवन के पास स्थित मस्जिद में बैठक की थी। वहां डिंपल के पहनावे को लेकर बाद में मौलाना साजिद रशीदी ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी।
समाजवादी सांसद डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद रशीदी अब भी अपने बयान पर कायम हैं। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष रशीदी ने कहा- मैंने इस्लामिक मान्यताओं के आधार पर टिप्पणी की थी। अगर डिंपल यादव माफी मांगती हैं और स्वीकार करती है कि उनका पहनावा इस्लामिक मान्यताओं के खिलाफ है तो मैं भी मांग लूंगा।
धमकियां मिल रही हैं
रशीदी ने कहा- मुझे गलत तरीके से टारगेट किया जा रहा है। धमकियां दी जा रही हैं। मैं पुलिस से संपर्क करूंगा। धमकी देने वाले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर FIR की मांग करूंगा।
डिंपलको इकरा से सीख लेनी चाहिए
रशीदी ने कहा कि जिस तरह से वह (डिंपल यादव) मस्जिद में बैठी थीं, मैंने इस्लामिक मान्यताओं के आधार पर आपत्ति जताई। इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार, मस्जिद में इस तरह बैठना सही नहीं है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण इकरा हसन हैं जो डिंपल के बगल में बैठी थीं। अगर कोई मुस्लिम महिला होती तब भी मैं यही बोलता।
रशीदी ने कहा कि डिंपल यादव को कम से कम इकरा हसन से सीख लेनी चाहिए थी। रशीदी ने कहा कि उनकी टिप्पणी पूरी तरह से धार्मिक आधार पर थी।
अखिलेश से पूछा- तस्वीर लेने वाले पर एक्शन होगा
रशीदी ने पूछा कि उनके खिलाफ क्या एक्शन लिया जाएगा, जो फोटो वायरल कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि क्या वह आपत्तिजनक तस्वीर लेने वाले के खिलाफ FIR कराएंगे। उन्होंने कहा कि डिंपल यादव जिस तरह से बैठी हैं उसे हमारी परंपरा में अभद्र माना जाता है।
मौलाना पर लखनऊ में FIR दर्ज
बता दें, मौलाना रशीदी ने एक टीवी डिबेट में अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। रविवार को सपा कार्यकर्ता प्रवेश यादव ने मौलाना रशीदी के खिलाफ लखनऊ के विभूतीखंड पुलिस थाने में FIR कराई थी।
दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के संसद भवन के पास स्थित मस्जिद में बैठक की थी। उनके साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव और सपा सांसद इकरा हसन सहित वहां कई लोग मौजूद थे। जैसे ही अखिलेश यादव की मस्जिद के अंदर की तस्वीरें सामने आई। मस्जिद में बैठक करने पर बीजेपी और मुस्लिम कम्युनिटी ने विरोध दर्ज कराया।

