6 साल बाद क्या NDA में फिर शामिल होगी SAD: सुखबीर बादल की PM से मुलाकात, महिला आरक्षण-परिसीमन पर समर्थन का ऐलान
Published:
3 min read

सुखबीर बादल ने शुक्रवार को पीएम मोदी से मुलाकात की थी। (फाइल फोटो- X)
नेशनल डेस्क. पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में नए गठबंधन की सुगबुगाहट तेज हो गई। चर्चा है कि पंजाब चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) फिर NDA में शामिल हो सकता है। इन चर्चाओं को हवा तब मिली, जब शुक्रवार को संसद भवन में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
पीएम मोदी से मुलाकात के एक दिन बाद सुखबीर बादल ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। बादल का ये ऐलान ऐसे वक्त पर आया, जब मोदी सरकार लोकसभा और राज्यसभा में इन संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो तिहाई के बहुमत तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
जल्द लागू हो महिला आरक्षण- SAD
SAD नेताओं की शनिवार को चंडीगढ़ में बैठक हुई। इस बैठक में सुखबीर बादल, उनकी पत्नी और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर समेत कई नेता शामिल हुए। इस बैठक में जल्द से जल्द महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग की गई। पार्टी ने परिसीमन बिल पर भी समर्थन देने की बात कही।
ये भी पढ़ें: 'राजा-बघेल हटाओ' vs 'चन्नी भगाओ': पंजाब कांग्रेस में 'ऑल इज नॉट वेल; पोस्टरों से सड़क पर आई चन्नी-राजा वडिंग की जंग

सुखबीर बादल ने कहा, केंद्र सरकार ने जो सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50% का इजाफा करने का प्रस्ताव दिया है, उसका हम समर्थन करते हैं। शिरोमणि अकाली दल के नेता नरेश गुजराल ने कहा कि पार्टी के लिए यह निर्णय बिल्कुल तर्कसंगत था। पार्टी उपाध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य गुजराल ने कहा- संसद में हमारा केवल एक ही सदस्य है और हम सिर्फ दिखावे के लिए इन दोनों विधेयकों का विरोध नहीं कर सकते।
पंजाब में बघेल की कोशिश फेल: कांग्रेस नेतृत्व की जंग को लेकर बढ़ती जा रही कलह; समझौतावादी से स्लीपर सेल तक जुबानी जंग
क्या 6 साल बाद फिर NDA में शामिल होगी SAD
- पंजाब में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में चर्चा तेज हो गई है कि शिरोमणि अकाली दल NDA में फिर शामिल हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो SAD 6 साल बाद बीजेपी के साथ आएगी। दोनों पार्टियां करीब 23 साल तक गठबंधन में रही हैं।
- 1997 में पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल और BJP ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा। प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में सरकार बनी। इसके बाद SAD, BJP के नेतृत्व वाले NDA के शुरुआती और लंबे समय तक बने रहने वाले सहयोगियों में रहा।
- 1998–2019: दोनों पार्टियों ने लोकसभा और पंजाब विधानसभा के चुनाव साथ लड़े। पंजाब में 2007 और 2012 में गठबंधन की सरकारें भी बनीं।
- 2014 और 2019 यानी पीएम मोदी के दोनों कार्यकाल में हरसिमरत कौर को केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया। हालांकि, सितंबर 2020 में मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों में टकराव हुआ। 17 सितंबर 2020 को अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया। 26 सितंबर को पार्टी ने BJP के साथ गठबंधन खत्म करने का ऐलान किया।

