जंगल में मिली रूसी महिला का मामला: इजराइली पार्टनर सामने आया , बच्चियों की शेयर्ड कस्टडी मांगी, कहा- मुझे उनके गुफा में रहने की जानकारी नहीं थी
Published:
3 min read

11 जुलाई को कर्नाटक के गोकर्ण की पहाडियों में रूसी महिला अपने दो बच्चियों के साथ मिली थी। (फाइल)
कर्नाटक के गोकर्ण के जंगल के बीच गुफा में दो बच्चियों के साथ मिली रुसी महिला के मामले में नया मोड़ आया है। इस महिला का इजराइली पार्टनर सामने आया है। ड्रोर गाेल्डस्टीन नाम के इस शख्स ने कहा है कि गुफा में मिली निना कुटिना मेरी गर्लफ्रेंड हैं। दोनों बच्चियां मेरी हैं। मैं अपने बच्चियों की कस्टडी चाहता हूं। हालांकि, मैं चाहता हूं कि वह अपनी मां से दूर नहीं हो। दोनों बच्चियों को फिलहाल सरकार की देखरेख में फॉरेन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
गोल्डस्टीन बच्चियों से नहीं मिल सका
गोल्डस्टीन शुक्रवार को टुमकुर पहुंचा। यहीं दोनों बच्चियों प्रेमा (6) और एमा (4) को रखा गया है। हालांकि, उसे बच्चियों से मिलने की इजाजत नहीं दी गई। गोल्डस्टीन ने मीडिया से कहा- मैं बेंगलूरु से यहां आया, लेकिन मुझे फॉरेन रजिस्ट्रेशन ऑफिस से लिखित आदेश लेकर आने के लिए कहा गया।
गोल्डस्टीन बोला- मुझे नहीं पता था वाे गुफा में रह रहे
गोल्डस्टीन ने कहा कि मैं कुटीना से महीनों पहले गोकर्ण की बीच पर मिला था। मुझे नहीं पता था कि वह बच्चियों के साथ रामतीर्थ की पहाड़ियों में चली गई है और गुफा में रह रही है। ये तो पता था कि वह गोकर्ण में है, लेकिन इस तरह से रह रही है इसकी जानकारी नहीं थी।
बेटियों के करीब रहने की इच्छा जताई
गोल्डस्टीन ने कहा- मैं अपनी बच्चियों की पूरी कस्टडी नहीं चाहता। मैं बस अपने बेटियों के करीब रहना चाहता हूं। मेरी इच्छा है कि उन्हें अच्छी शिक्षा मिले। दोनों स्वस्थ और खुश रहें। मैं उन्हें मां से दूर नहीं करना चाहता। दोनों अपनी मां को बेहद प्यार करती हैं।
दोनों 2017 में गोवा में मिले थे
गोल्डस्टीन ने बताया कि मेरी कुटिना से पहली मुलाकात 2017 में गोवा में हुई थी। हम अपने रिलेशनिप के दौरान भारत और यूक्रेन में रहे। इसके बाद हम लोग अलग हो गए। कुटिना ने बच्चों के साथ गोवा छोड़ दिया। इसके बाद मेरा उससे कॉन्टैक्ट पूरी तरह टूट गया। मैंने कंप्लेन भी दर्ज कराई थी कि वह बच्चों के साथ भाग गई है।
काफी कोशिशों के बाद गोकर्ण में मिली कुटिना
गोल्डस्टीन ने कहा कि काफी कोशिशों के बाद मैं कुटिना को ढूंढने में सफल रहा। मैंने उसे गोकर्ण बीच पर देखा। हालांकि, नीना ने मेरे साथ आने से इनकार कर दिया। अब मैं बच्चियों की कस्टडी के लिए कानून रास्ता अपनाने की सोच रहा हूं।
नीना का वीजा 2017 में एक्सपायर हो गया था
कुटिना को 11 जुलाई को लोकल पुलिस ने लैंडस्लाइड इंसपेक्शन के दौरान रामतीर्थ की पहाडियों पर देखा था। वह तीन हफ्तों से अपने बच्चियों के साथ एक गुफा में रह रही थी। अफसरों ने बताया कि कुटिना का वीजा 2017 में एक्सपायर हो गया था। इसके बाद वह एजेंसी से बचने के लिए जंगल में छुपी हुई थी।
नेपाल भी गई थी कुटिना
लोकल अफसरों का दावा है कि कुटिना 2018 में कुछ समय के लिए नेपाल गई थी। इसके बाद गोकर्ण आकर वह वापस जंगलों में छुप गई। कुटिना ने पकड़े जाने पर कहा कि मीडिया ने उसकी लाइफस्टाइल को गलत ढंग से पेश किया है। इसके साथ ही उसने सरकारी शेल्टर में अपनी और बेटियों के लिए अच्छी सुविधा नहीं होने की बात कही है।
एक बच्ची भारत में पैदा हुई
गोल्डस्टीन ने मीडिया को बताया कि उसकी बेटी एमा भारत में पैदा हुई है। वह कभी भी रूस नहीं गई। अगर उसे रूस भेजा गया तो मैं कभी भी उससे नहीं मिल पाऊंगा। मैं बस कुछ दिनों या हफ्ते के अंतराल पर अपनी बेटियों को देखना चाहता हूं।

