राहुल गांधी का दावा- कृषि कानूनों पर अरुण जेटली ने धमकाया था: बेटे रोहन का जवाब- कानून 2020 में आए, पिता का निधन तो 2019 में ही हो गया था
Published:
2 min read

राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया था कि अरुण जेटली ने कृषि कानूनों का विरोध करने पर धमकाया था।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया था कि उन्हें कृषि कानूनों का विरोध करने पर अरुण जेटली ने धमकाया था। राहुल गांधी के इन दावों को पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली ने झूठ बताया है। रोहन जेटली ने कहा, मेरे पिता का निधन 2019 में हो गया था, जबकि कृषि कानून 2020 में आए थे।
दरअसल, राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस की लीगल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में धांधली का आरोप लगाया। राहुल ने दावा किया कि उनकी पार्टी के पास धांधली के सबूत हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने अरुण जेटली का भी जिक्र किया था।
राहुल ने अरुण जेटली पर लगाया था धमकी देने का आरोप
"मुझे याद है जब मैं कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ रहा था, तो अरुण जेटली जी को मुझे धमकाने के लिए भेजा गया था। उन्होंने मुझसे कहा था, अगर तुम सरकार का विरोध करते रहे और कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ते रहे, तो हमें तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। मैंने उनकी तरफ देखा और कहा, मुझे नहीं लगता कि आपको पता है कि आप किससे बात कर रहे हो।'"
रोहन जेटली ने राहुल के दावे का किया फैक्ट चेक
रोहन जेटली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, राहुल गांधी अब दावा कर रहे हैं कि मेरे दिवंगत पिता अरुण जेटली ने उन्हें कृषि कानूनों को लेकर धमकाया था। मैं उन्हें याद दिला दूं कि मेरे पिता का निधन 2019 में हुआ था। कृषि कानून 2020 में पेश किए गए थे। इससे भी अहम बात यह है कि मेरे पिता का स्वभाव किसी को भी विरोधी विचार के लिए धमकाना नहीं था। वह एक कट्टर लोकतांत्रिक व्यक्ति थे और हमेशा आम सहमति बनाने में विश्वास रखते थे।'
उन्होंने राहुल गांधी को दिवंगत व्यक्तियों के बारे में बोलते समय सावधानी बरतने की भी सलाह दी। रोहन ने कहा, राहुल गांधी ने मनोहर पर्रिकर जी के साथ भी कुछ ऐसा ही करने की कोशिश की, उनके अंतिम दिनों पर सियासत की, जो उतना ही घटिया था। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।

