रेड फोर्ट नहीं, लाल मंदिर टारगेट था : सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर ने आखिरी समय में क्यों बदला प्लान; दिल्ली ब्लास्ट में NIA का खुलासा
Published:
3 min read

NIA के मुताबिक, लाल किला के पास ब्लास्ट का मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर ही था।
नेशनल डेस्क. दिल्ली में पिछले साल हुए लाल किला के पास i20 कार में हुए ब्लास्ट मामले में NIA ने चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने दावा किया है कि कार चलाने वाला सुसाइड बॉम्बर डॉक्टर उमर उन नबी पहले चांदनी चौक स्थित लाल मंदिर (जैनों का मंदिर) में ब्लास्ट करने वाला था। उसने ट्रैफिक और पुलिसकर्मियों की तैनाती के चलते आखिरी समय पर प्लान बदला और कार लाल किला की तरफ मोड़ दी।
दरअसल, 10 नवंबर 2025 को सुसाइड बॉम्बर ने लाल किला के पास रेड लाइट पर खुद को कार के साथ उड़ा लिया था। इस बम धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। NIA के मुताबिक, कार में Vehicle Borne Improvised Explosive Devices (VBIED) का इस्तेमाल किया गया था।

लाल किले के पास हुआ ब्लास्ट
NIA ने चार्जशीट में CCTV फुटेज का जिक्र किया है। इसमें देखा जा सकता है कि उमर नबी ने शाम 6.37 बजे लाल मंदिर के पास कार पार्क करने की कोशिश की। लेकिन भारी ट्रैफिक और पुलिस की तैनाती के चलते कार आगे बढ़ा दी। 6.50 बजे लाल किले के गेट नंबर 4 के पास कार में ब्लास्ट हो गया।

चार्जशीट में फॉरेंसिक सबूतों का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है कि उमर के एक जूते में लगा रिमोट कमांड मैकेनिज्म और टीएटीपी, पोटेशियम और अमोनियम नाइट्रेट की मौजूदगी की पुष्टि करने वाला धातु का टुकड़ा मिला है। NIA ने चार्जशीट में डिजिटल सूबतों, गवाहों के बयान, 'लोन मुजाहिद पॉकेट बुक' और हमले से पहले उमर की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी है।
बम बनाने में यूरिन का इस्तेमाल
NIA के मुताबिक, डॉक्टर उमर नबी ने विस्फोटक बनाने के लिए यूरिया का इस्तेमाल किया था। उसने यूरिन से ये यूरिया निकाला था। चार्जशीट में कहा गया है कि उमर नबी और एक आरोपी शाहीन सईद की पेन ड्राइव में मिली PDF फाइलों में यूरिया नाइट्रेट का इस्तेमाल करके विस्फोटक बनाने के फॉर्मूले का भी जिक्र है। इन दस्तावेजों में यूरिन से यूरिया निकालने के एक ऑप्शनल मेथड का भी जिक्र है।
NIA ने एक गवाह का भी हवाला दिया है। उसने दावा किया है कि उसने उमर नबी के कमरे में यूरिन से भरा बैग देखा था। नबी के कमरे से बदबू भी आ रही थी। महिला ने इसकी शिकायत उमर के दोस्त से भी की थी।
लखनऊ में विधानसभा, बापू भवन और लोक भवन की रेकी की थी
NIA के मुताबिक, दिल्ली ब्लास्ट में शामिल आरोपियों डॉक्टर मुजम्मिल शकील गनी और उनकी पत्नी डॉक्टर शाहीन सईद ने यूपी विधानसभा, बापू भवन और लोक भवन की रेकी की थी। लोक भवन में यूपी के CM योगी आदित्यनाथ का दफ्तर है। वहीं, बापू भवन में राज्य सरकार के कई विभागों के दफ्तर हैं।

डॉ. उमर ही था मास्टरमाइंड
चार्जशीट में बताया गया है कि दिल्ली ब्लास्ट का मास्टरमाइंड डॉ. उमर उन नबी भी शामिल है। वह फरीदाबाद के अल-फलाह यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर था। ब्लास्ट के समय नबी ही कार चला रहा था। डीएनए, फिंगरप्रिंटिंग से उसकी पहचान की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आमिर राशिद मीर, जसिर बिलाल वानी, डॉ. मुजमिल शकील, डॉ. अदील अहमद राथर, डॉ. शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद वागे, सोयब, बिलाल नसीर मल्ला और यासिर अहमद डार को आरोपी बनाया गया है।
डॉ. उमर उन नबी 2023 से ब्लास्ट तक 12 बार लाल किला गया था।

