UP में पकड़ाया लाल किले का कलश चोर: जैन साधु का भेष बनाकर की थी चोरी, डायमंड, रूबी और एमरल्ड से जड़ा हुआ है सोने का कलश
Published:
2 min read

दिल्ली के लाल किला परिसर में एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सोने का यह कलश चोरी हुआ था।
नेशनल डेस्क। दिल्ली के लाल किले से सोने का कलश चोरी करने वाला पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ से उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी का नाम भूषण वर्मा है। उसने जैन साधु की तरह सफेद कपड़े पहनकर लाल किले में एंट्री की थी और कुछ ही देर में कलश उठाकर फरार हो गया था।
घटना 3 सितंबर की है। दरअसल, लाल किला परिसर में जैन समुदाय का 10 दिन का एक महापर्व चल रहा था। इसमें सुधीर जैन नाम के एक व्यवसायी हर दिन पूजा के लिए एक सोने का कलश लेकर आते थे। चार दिन पहले बीच अनुष्ठान में अचानक यह गायब हो गया।
पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो CCTV फूटेज से संदिग्ध की तस्वीर मिल गई। एक शख्स बीच कार्यक्रम में अचानक झोला लेकर तेजी से बाहर जाता हुआ नजर आया था। पुलिस ने उसे ही संदिग्ध मानकर तलाशी शुरू कर दी थी।
कौन है आरोपी?
आरोपी भूषण वर्मा पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। 3 सितंबर को वह जैन साधु के भेष में अनुष्ठान में आया और भीड़ का फायदा उठाकर कलश ले गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का जैन समुदाय से कोई सम्बंध नहीं है।
एक करोड़ का है कलश
कलश का वजन कुल 760 ग्राम है। इसकी कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा है। कलश न केवल सोने का है बल्कि उसमें डायमंड, रूबी और एमरल्ड भी जड़े हुए हैं।
इसके मालिक व्यवसायी सुधीर जैन का कहना है, 'कलश में जड़े हीरे-मोती महज कला और सौंदर्य के लिए हैं। वास्तव में यह हमारी भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इसकी कोई कीमत नहीं आंकी जा सकती।’

