रांची में साइकियाट्री इंटर्न से रेप: PG छात्र गिरफ्तार; 28 जून को हुई घटना
Published:
2 min read

छात्रा आरोपी के हॉस्टल के रूम में रात 10 बजे गई थी और वहां से सुबह 5 बजे वापस आई।
नेशनल डेस्क. रांची के सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) में इंटर्न से कथित रेप के मामले में M.Phil क्लिनिकल छात्र को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 4 महीने पहले रांची के सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री में एक इंटर्न के साथ हॉस्टल के कमरे में PG स्टूडेंट ने कथित तौर पर रेप किया था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया है। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी राज्य में इंटर्न ने जीरो FIR दर्ज कराई है। मामला यहां के कांके पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर होने के बाद सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
28 जून को रेप की घटना हुई
अधिकारी ने कहा- हमने रविवार को यहां नई FIR दर्ज होने के एक दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। लड़की डरी हुई थी और मानसिक सदमे से गुजर रही थी, इसी वजह से पुलिस को मामले की सूचना देने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और M.Phil क्लिनिकल का छात्र है। इंटर्न के साथ कथित तौर पर 28 जून को रेप किया गया।
पीड़िता CIP के ग्रेजुएट हॉस्टल में रहती थी। आरोपी छात्र भी हॉस्टल के कमरा नंबर 54 में रहता था। हॉस्टल में लड़कों के कमरों में जाने की अनुमति के चलते छात्रा आरोपी के रूम में गई थी।
हॉस्टल के अंदर हुई घटना
शिकायत के अनुसार, छात्रा 28 जून को रात 10 बजे साइकोमेट्रिक टेस्ट की प्रोसेस जानने के आरोपी के हॉस्टल रूम में गई थी। कुछ देर बाद पीड़िता को चक्कर आए। इस पर आरोपी ने उसे स्टील की बॉटल से पानी दिया और बिस्तर पर आराम करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ जबरदस्ती रेप किया गया। उसे दूसरे दिन सुबह 5 बजे वहां से जाने दिया। आरोप है कि पानी में उसने नशीला पदार्थ मिलाकर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
घटना की सच्चाई जानने के लिए कांके पुलिस संस्थान के CCTV की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी और पीड़िता के कॉल डंप भी निकाले जा रहे हैं, जिससे पता चल सके की घटना के समय दोनों कहां थे।

