SCO समिट: 'कुछ देश आतंकवादियों को...', राजनाथ सिंह की आतंकवाद पर चीन के सामने पाकिस्तान को फटकार
Published: Updated:
2 min read

राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चीन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में हिस्सा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ देश आतंकवादियों को पनाह देने के लिए सीमा पार आतंकवाद का इस्तेमाल नीतिगत साधन के रूप में कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने चीन के किंगदाओ पहुंचे थे। उन्होंने समिट को संबोधित करते हुए कहा, आतंकवाद के दोषियों, प्रायोजकों और फंडिंग करने वालों को जवाबदेह ठहराना चाहिए और इससे निपटने के लिए दोहरा मापदंड नहीं अपनाया जाना चाहिए। माना जा रहा है कि राजनाथ सिंह का सीधा इशारा चीन की ओर था, जो आतंक के मुद्दे पर पाकिस्तान का किसी न किसी तरह से समर्थन करता रहा है।
शांति और आतंकवाद साथ नहीं चल सकते- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा, हमारे क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौतियां शांति, सुरक्षा और विश्वास की कमी से संबंधित हैं। और इन समस्याओं का मूल कारण बढ़ती कट्टरता, उग्रवाद और आतंकवाद है। उन्होंने कहा, शांति-समृद्धि और आतंकवाद साथ नहीं चल सकते।
राजनाथ सिंह ने कहा, सरकार से इतर तत्वों और आतंकवादी समूहों को हथियार सौंपने से भी शांति कायम नहीं रह सकती। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है और हमें अपनी सामूहिक सुरक्षा के लिए इन बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।
SCO देशों को भी सुनाई खरी खरी
राजनाथ सिंह ने साफ कर दिया कि आतंकवाद को पोषित और इस्तेमाल करने वालों को इसके नतीजे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा, आतंकवाद से निपटने में दोहरे मानदंडों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। SCO को इस खतरे से निपटने में दोहरे मानदंड अपनाने वाले देशों की आलोचना करने में संकोच नहीं करना चाहिए।
दरअसल, अप्रैल में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था। भारत ने जैश और लश्कर के ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागी थीं। हालांकि, भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के हमलों को नाकाम कर दिया था और उनके कई एयरबेस पर सटीक हमला किया था।

