राजस्थान दो दिन में 25 स्ट्रीट डॉग्स की हत्या: शख्स ने दौड़ा-दौड़ा कर आवारा कुत्तों को गोली मारी, वीडियो वायरल होने के बाद हुई FIR
Published:
2 min read

आरोपी श्योचंद बावरिया झुंझुनू ने 25 कुत्तों की हत्या की।
राजस्थान के झुंझुनू जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने दो दिनों में 25 से ज्यादा कुत्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें आरोपी श्योचंद बावरिया खुलेआम राइफल लेकर घूम रहा है और आवारा कुत्तों को गोली मारते हुए नजर आ रहा है।
आरोपी श्योचंद बावरिया झुंझुनू के डुमरा का रहने वाला है। उसने दो दिन में 25 आवारा कुत्तों को दौड़ा दौड़ा कर गोली मारी। वीडियो में बावरिया बाइक पर बंदूक लिए पीछे बैठा नजर आ रहा है। वह कुत्ता दिखने पर उसे गोली मारता नजर आ रहा है। पूरे इलाके में कुत्तों के खून से लथपथ शव सड़कों और खेतों में देखे गए।
तीसरे व्यक्ति की भूमिका की भी हो रही जांच
फुटेज में एक तीसरा व्यक्ति भी दिख रहा है। जो एक अलग बाइक पर है। यह बावरिया का पीछा कर रहा है और घटना का वीडियो बना रहा है। पुलिस जांच कर रही है कि यह व्यक्ति भी बावरिया के साथ अपराध में शामिल था या नहीं।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद 4 अगस्त को जांच शुरू की गई। बावरिया के खिलाफ BNS और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा- हमें कुमावास गांव में एक व्यक्ति द्वारा कुत्तों को गोली से मारने की घटना का सूचना मिली। हालांकि, आरोपी अभी भी फरार है, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

