राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरी: 6 बच्चों की मौत, 30 घायल; कई स्टूडेंट्स और टीचर्स मलबे में दबे, रेस्क्यू जारी
Published:
3 min read

झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोदी सरकारी स्कूल की छत ढही
राजस्थान के झालावाड़ में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से पूरी बिल्डिंग गिर गई। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। 40 बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है। 17 घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये हादसा झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोदी सरकारी स्कूल में सुबह 8.30 बजे हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल की एक मंजिला इमारत थी। इसकी छत ढह गई। हादसे के वक्त स्कूल में 40 बच्चों के अलावा टीचर और स्टाफ मेंबर मौजूद थे।
जर्जर थी इमारत, शिकायतों के बाद भी की गई अनदेखी
NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया, इमारत जर्जर हालत में थी और इसे लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी थीं। स्कूल में कक्षा 8 तक की शिक्षा दी जाती है। झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया चार बच्चों की मौत हुई है। 17 घायल हैं। इनमें से 10 को झालावाड़ रेफर किया गया है। इनमें से 3-4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
पुलिस प्रशासन के साथ स्थानीय लोग भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हैं। बच्चों, टीचर्स और स्टाफ को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। चार जेसीबी मशीन भी मलबा हटाने के काम में लगाई गई हैं। उधर, स्कूल ढहने की सूचना पाकर बच्चों के माता-पिता भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
राजस्थान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा, मैंने जिला प्रशासन को उचित प्रबंध करने और बच्चों के इलाज की व्यवस्था कराने का आदेश दे दिया है। ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो। मैं इस मामले में जांच के आदेश दूंगा, ताकि ये पता चल सके कि बिल्डिंग क्यों गिरी? मैंने कलेक्टर से बात की और हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
सीएम भजनलाल ने दुख जताया
राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीाडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। घायल बच्चों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत दिव्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, झालावाड़ के मनोहरथाना में एक सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों एवं शिक्षकों के हताहत होने की सूचना मिल रही है। मैं ईश्वर से कम से कम जनहानि एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना करता हूं।

