UP के बाद राजस्थान में नीले ड्रम में लाश मिली: गला रेता, शव पर नमक डाला; पत्नी और मकान मालिक का बेटा फरार
Published:
3 min read

राजस्थान के खैरथल तिजारा के किशनगढ़ में नीले ड्रम में शव मिलने से हड़कंप
राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले में रविवार को नीले ड्रम में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। इससे पहले यूपी के मेरठ में कुछ महीने पहले ऐसी ही मामला सामने आया था, जहां महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी और शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, मृतक हंसराज उर्फ सूरज उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह खैरथल तिजारा के किशनगढ़ बास स्थित आदर्श कॉलोनी के एक मकान में पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराये से रहता था। उसकी गला रेतकर हत्या कर शव को नीले ड्रम में डाल दिया गया और लाश को सड़ाने के लिए नमक डाल दिया गया। घटना के बाद से पत्नी, बच्चे और मकान मालिक का बेटा फरार है।
कैसे खुला राज
DSP राजेश कुमार ने बताया, सूरज एक महीने पहले ही जितेंद्र के घर में रहने आया था। सूरज ईंट भट्टे पर काम करता था। सूरज और मकान मालिक के बेटे जितेंद्र अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। जितेंद्र की पत्नी का 12 साल पहले निधन हो गया था। एक रोज मकान मालकिन किसी काम से छत पर गई तो कुछ सड़ने की बदबू आ रही थी, इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने आकर जांच की तो ड्रम में सूरज का शव मिला। सूरज की पत्नी, बच्चे और जितेंद्र घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस को शक है कि सूरज की पत्नी ने जितेंद्र के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। सूरज की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई, ड्रम में शव को नमक से ढक दिया गया था ताकि लाश जल्द ही गल जाए। इसके बाद सभी फरार हो गए।
पुलिस तलाश रही इन सवालों के जवाब
पुलिस सूरज के परिवार के कॉन्टैक्ट करने का प्रयास कर रही है। हत्या कब हुई? कितने दिन से शव ड्रम में सड़ रहा है? हत्या किसने और क्यों की ? इन सभी सवालों के जवाब के जवाब पुलिस तलाश रही है।
मेरठ में हो चुकी है नीले ड्रम की घटना
मार्च 2025 में UP के मेरठ में इसी तरह की घटना हुई थी। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लाश नीले ड्रम में डाल कर उसके ऊपर रेत सीमेंट का घोल डाल दिया था। इस घटना के बाद नीले ड्रम को लेकर चर्चा होना शुरू हुई। सोशल मीडिया पर भी नीले ड्रम के मीम्स जमकर वायरल हुए।

