'रोजगार नहीं, बस बयानबाजी': विकसित भारत रोजगार योजना पर राहुल का तंज; बोले- 11 साल बाद भी मोदी जी के वही पुराने जुमले
Published:
2 min read

राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी की विकसित भारत रोजगार योजना की घोषणा पर निशाना साधा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार (15 अगस्त) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत रोजगार योजना की घोषणा पर निशाना साधा। राहुल ने कहा- युवाओं को इस सरकार से नौकरी नहीं, बल्कि केवल बयानबाजी मिलेगी।
3.5 करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार- PM मोदी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से PM मोदी ने घोषणा करते हुए कहा था- 15 अगस्त को, हम अपने देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू करने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना के तहत प्राइवेट सेक्टर में जॉब करने वाले बेटा या बेटी को हर महीने 15000 रुपए सरकार देगी। इस योजना से करीब 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।
11 साल बाद भी मोदी जी के वही पुराने जुमले- राहुल गांधी
प्रधानमंत्री की इस घोषणा के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर तंज कसते हुए एक्स(x) पर पोस्ट करते हुए लिखा- 11 साल बाद भी मोदी जी के वही पुराने जुमले, वही रटे-रटाए आंकड़े हैं।
पिछले साल ₹1 लाख करोड़ से 1 करोड़ इंटर्नशिप का वादा - इस साल फिर ₹1 लाख करोड़ की नौकरी योजना!

रोजगार नहीं, बस जुमले मिलेंगे- राहुल गांधी
उन्होंने इस योजना को जुमला बताते हुए लिखा- ₹1 लाख करोड़ का जुमला - सीजन 2! सच क्या है? संसद में मेरे सवाल पर सरकार ने माना - 10 हजार से भी कम इंटर्नशिप। स्टाइपेंड इतना कम कि 90% युवाओं ने मना कर दिया।
राहुल ने आखिर में लिखा- मोदी जी के पास अब कोई नया आइडिया नहीं बचा। इस सरकार से युवाओं को रोजगार नहीं, बस जुमले मिलेंगे।

