‘हाइड्रोजन बम गिरने वाला है’: राहुल गांधी बोले- चेहरा दिखाने के लायक नहीं बचेंगे PM; BJP का पलटवार- विपक्ष के नेता खुद को नीचा दिखा रहे
Published:
2 min read

वोट अधिकार न्याय के आखिरी दिन राहुल गांधी ने पटना में जनसभा को संबोधित किया।
नेशनल डेस्क. बीजेपी और चुनाव आयोग को 'वोट चोरी' के आरोप में घेर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि वे जल्द हाईड्रोजन बम फोड़ने वाले हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद PM मोदी चेहरा दिखाने के लायक नहीं बचेंगे। उधर, बीजेपी ने आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
राहुल गांधी ने बिहार में निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा के अंतिम दिन पटना में जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर बड़ा निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, वे जल्द एक और बड़ा खुलासा करने वाले हैं।
परमाणु बम से बड़ा हाईड्रोजन बम होता है- राहुल
राहुल ने कहा, आप जानते हैं परमाणु बम से बड़ा क्या होता है? हाइड्रोजन बम। BJP को तैयार रहना चाहिए, हाइड्रोजन बम गिरने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि जब ये बम गिरेगा तो नरेंद्र मोदी जी लोगों को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। हालांकि, राहुल गांधी ने ये नहीं बताया कि वे क्या खुलासा करने वाले हैं।
गांधी के हत्यारे के विचारों वाली पार्टी है बीजेपी- राहुल
राहुल गांधी ने बीजेपी को गांधीजी के हत्यारे के विचारों वाली पार्टी बताया और आरोप लगाया कि वे (BJP) भारत के संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ियों को अधिकारों, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और लोकतंत्र की चोरी बताया और एक बार फिर चुनाव आयोग पर BJP से मिलीभगत का आरोप लगाया।
BJP ने किया पलटवार
BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने पूछा, 'परमाणु बम और हाइड्रोजन बम का चुनावों से क्या लेना-देना है? राहुल गांधी खुद को विपक्ष के नेता के तौर पर क्यों नीचा दिखा रहे हैं? देश को समझना चाहिए कि राहुल गांधी कितने गैर-जिम्मेदार हैं।

