नहीं कटे रंजू देवी के परिवार के वोट: राहुल-तेजस्वी के सामने बोला था- लिस्ट में नाम नहीं; नड्डा का तंज- झूठ पकड़ाया, अपना मजाक बनवाया
Published:
2 min read

बिहार में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में वोट कटने की शिकायत करने वाली महिला रंजू देवी ने यूटर्न ले लिया है। महिला ने राहुल गांधी से बात करते हुए कहा था कि उसके परिवार के 6 लोगों के नाम कट गए हैं। अब महिला ने खुद बताया कि उसके परिवार के किसी भी सदस्य का वोटर लिस्ट से नाम नहीं हटा है। महिला ने खुलासा करते हुए कहा कि उससे ऐसा बोलने के लिए कहा था। जो वार्ड सचिव ने कहा, वही उसने कहा। इस पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शायराना अंदाज में राहुल गांधी पर तंज कसा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर लिखा- खड़ा हूं, आज भी वहीं। जहां मेरा झूठ पकड़ाया, सच सामने आया, और मैंने अपना मजाक बनवाया।
रंजू देवी ने क्या कहा था
रोहतास जिले के चपला गांव की रहने वाली रंजू देवी ने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में वोटर कार्ड में नाम कटने का दावा किया था। महिला ने राहुल गांधी के सामने कहा था कि हमारे परिवार के 6 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए हैं। अब रंजू देवी ने बताया कि वार्ड सचिव ने वोटर लिस्ट दिखाकर कहा था कि उनका नाम वोटर लिस्ट से कट गया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव आ रहे हैं। उनसे मिल लीजिए और अपना नाम जुड़वा लीजिए।
महिला ने कहा कि हम लोग देहात के लोग हैं, गंवार लोग हैं, जो हमसे कहा जाएगा, वही कहेंगे। उन लोगों ने कहा राहुल गांधी से बोलना हमारे 6 लोगों के नाम कट गए हैं। महिला ने कहा कि नई लिस्ट में भी सबके नाम हैं।

