राहुल गांधी की PM मोदी से बाढ़ राहत पैकेज की डिमांड: बोले- पंजाब समेत 4 राज्यों में बाढ़ से तबाही, मदद करे केंद्र सरकार
Published:
2 min read

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। (फाइल)
नेशनल डेस्क। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार (3 सितंबर) को बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा- पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड भारी बारिश के कारण आई बाढ़ की स्थिति चिंताजनक है।
राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (x) पर लिखा-मोदी जी, पंजाब में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने हजारों परिवार के संघर्ष के बारे में बात करते हुए आगे लिखा- ऐसे मुश्किल समय में आपका ध्यान और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद बहुत जरूरत है। हजारों परिवार अपने घर, जीवन और अपनों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
राहुल ने राहत पैकेज के लिए आग्रह करते हुए लिखा- मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों के लिए, खासतौर पर किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज (Special Relief Package) की तत्काल घोषणा की जाए। राहत और बचाव कार्यों को तेज किया जाए।
बाढ़ की वजह से कई राज्यों में तबाही
जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही जारी है। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों के अलावा पंजाब में भी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश का अलर्ट देखते हुए उत्तराखंड में चार धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा रोक दी गई है। पंजाब में स्कूल-कॉलेज 3 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं।
इस साल मानसून से हिमाचल सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां 20 जून से अब तक 300 लोगों की मौत हो चुकी है। जम्मू कश्मीर में भी बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से जुड़ी घटनाओं में 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

